हरियाणा में बिना लोन और बैंक गारंटी के मिलेगा सोलर सिस्टम

हर घर सोलर की ओर कदम: सात लाख से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगा फायदा

Sarvesh Kumar Picture
Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज (Anil Vij) ने कहा कि राज्य सरकार सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाओं पर काम कर रही है। इसके तहत 1 किलोवाट तक के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बिना बैंक ऋण और बैंक गारंटी के सोलर सिस्टम उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। विभागीय कर्मचारी स्वयं उपभोक्ताओं के घर जाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करेंगे और उनकी छतों पर सोलर सिस्टम स्थापित करवाएंगे।

इससे लाभार्थियों का बिजली बिल लगभग शून्य हो जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1 किलोवाट तक के लोड वाले सात लाख से अधिक उपभोक्ता इस योजना से लाभान्वित हो सकते हैं। मंत्री विज ने कहा कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले पांच किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को भी बिना बैंक ऋण सोलर सिस्टम उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। सरकारी सब्सिडी के बाद बची राशि उपभोक्ताओं से आसान किस्तों में ली जाएगी, जिससे लोगों पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। 

केंद्र के समक्ष सरकार ने रखा ये प्रस्ताव

मंत्री ने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए भी एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव केंद्र सरकार के समक्ष रखा गया है। इसके तहत जिन किसानों की जमीन खाली पड़ी है, वे अपने खर्च पर वहां सोलर प्लांट स्थापित कर सकेंगे। सरकार उनसे निर्धारित दरों पर बिजली खरीदेगी, जिससे किसानों को अतिरिक्त आय का स्थायी स्रोत मिलेगा और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए हरियाणा को राष्ट्रीय स्तर पर तीन प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलने जा रहे हैं। यह सम्मान राज्य के बेहतर प्रदर्शन और सौर ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों का परिणाम है। विज ने बताया कि केंद्र सरकार ने हरियाणा को सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल किया है।

Solar-Panel
सांकेतिक फोटो

About The Author

Related Posts