Punjab
पूर्व विधायक चौधरी सहीराम को श्रद्धांजलि देने सकताखेड़ा पहुंचे सीएम नायब सैनी
समाज सेवा और त्याग की मिसाल थे सहीराम बिश्रोई: सीएम
सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को गांव सकताखेड़ा पहुंचे और हिंदी आंदोलन सेनानी तथा संयुक्त पंजाब के अबोहर क्षेत्र से पूर्व विधायक स्वर्गीय चौधरी सहीराम बिश्रोई (Chaudhary Sahiram Bishnoi) की स्मृति सभा में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्व. बिश्रोई के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना भी व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी सहीराम बिश्रोई ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा, त्याग और राष्ट्रभक्ति के लिए समर्पित किया। उनका जीवन संघर्ष और सेवा की प्रेरणादायक मिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे जननायक समाज को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि स्व. बिश्रोई ने कानून की शिक्षा प्राप्त की थी और देश विभाजन के दौरान विस्थापित परिवारों को बसाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
संयुक्त पंजाब विधानसभा के रहे विधायक
मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी सहीराम बिश्रोई संयुक्त पंजाब विधानसभा के विधायक रहे और उन्होंने प्रकाश सिंह बादल के साथ चुनाव जीतकर जनसेवा की। समाज के प्रति उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्व. चौधरी सहीराम बिश्रोई के नाम पर एक अस्पताल का नाम रखने की घोषणा भी की। साथ ही बिश्रोई समाज की ओर से उन्हें बिश्रोई रत्न सम्मान दिए जाने पर समाज का आभार व्यक्त किया। कैबिनेट मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि चौधरी सहीराम बिश्रोई ने कठिन समय में लोगों की सहायता कर समाज को नई दिशा दी। विशेष रूप से विभाजन के दौरान विस्थापित परिवारों को बसाने में उनका बड़ा योगदान रहा, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।
ग्रामीणों के बीच रुके मुख्यमंत्री
स्मृति सभा में पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री गांव सकताखेड़ा में महिलाओं और ग्रामीणों के बीच भी पहुंचे। उन्होंने गाड़ी रोककर महिलाओं से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने महिलाओं से लाडो लक्ष्मी योजना के बारे में जानकारी ली और योजना का लाभ उठाने की अपील की। इसके बाद मुख्यमंत्री डबवाली में वरिष्ठ भाजपा नेता बलदेव सिंह मांगेआना के निवास पर पहुंचे और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने डबवाली बाजार में दुकानदारों से भी मुलाकात की।
Sirsa News: पूर्व विधायक चौधरी सहीराम बिश्रोई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।