Punjab
तेज रफ्तार थार डिवाइडर से टकराकर पलटी, तीन घायल
तेज रफ्तार थार बेकाबू होकर पलटी, शादी से लौटते समय हुआ हादसा
ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। Odhan News: राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 9 पर ओढ़ां बिजली घर के निकट वीरवार अलसुबह तेज तरफ्तार एक थार गाड़ी डिवाइडर से टकराकर कई पलटे खाती हुई दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गाड़ी में 3 लोग सवार, जिनमें से 2 को गंभीर चोटें आई हैं जबकि एक मामूली रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद थाना ओढ़ां पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दुर्घटना का जायजा लेते हुए क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारू किया। बताया जा रहा है कि ये हादसा चालक को नींद की झपकी आने की वजह से हुआ। घायल करण सिंह निवासी फाजिल्का (पंजाब) ने बताया कि वह तथा उसके साथी अभय सिंह व वंश थार गाड़ी में सवार होकर नई दिल्ली में अपने परीचित के यहां शादी में गए हुए थे।
शादी समारोह से बीती बुधवार रात्रि को ही घर फाजिल्का के लिए निकल गए थे। वीरवार अलसुबह जब गाड़ी हाईवे पर ओढ़ां में बिजली घर के निकट पहुंची तो अचानक चालक वंश गाड़ी से संतुलन खो बैठा जिसके चलते गाड़ी डिवाइडर से टकराकर कई पलटे खाती हुई दूसरी तरफ जाकर पलट गई। दुर्घटना के बाद गाड़ी में चीख-पुकार मच गई। हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला। वहीं सूचना पाकर ओढ़ां सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की एंबुलेंस मौके पर पहुंची जिसके द्वारा घायलों को अस्पताल लाया गया। जहां से वंश व अभय को गंभीर चोटों के चलते सरसा रैफर कर दिया गया। ओढ़ां थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि इस दुर्घटना में 3 लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।