Punjab
Dog Bite Case: पालतू कुत्ते के काटने के दो माह बाद महिला की मौत
रेबीज संक्रमण की आशंका, गांव में शोक की लहर
डबवाली/गोरीवाला (सच कहूँ/अनिल)। Dabwali News: खंड के महाग्राम देसूजोधा में रेबीज संक्रमण की आशंका के चलते 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान मनप्रीत कौर पत्नी सेवक सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार करीब दो माह पहले घर में पाले गए एक कुत्ते ने उसे काट लिया था, लेकिन उस समय उसने एंटी-रेबीज टीके नहीं लगवाए। जानकारी के अनुसार परिवार खेत से एक कुत्ते को घर लेकर आया था। कुछ समय बाद उसी कुत्ते ने मनप्रीत कौर को काट लिया। घटना को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर दिया गया और चिकित्सकीय उपचार नहीं कराया गया। रविवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें बोलने में कठिनाई होने लगी और उनकी स्थिति लगातार गंभीर होती चली गई।
परिजन पहले उन्हें डबवाली के एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां से बठिंडा रेफर कर दिया गया। बाद में उन्हें एम्स बठिंडा में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई। मृतका अपने पीछे दो बेटों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई है। महिला की मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने परिवार के घर पहुंचकर संवेदनाएं व्यक्त कीं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी कुत्ते या अन्य संदिग्ध जानवर के काटने पर घाव को तुरंत साबुन और पानी से अच्छी तरह साफ करना चाहिए तथा बिना देरी किए एंटी-रेबीज टीकाकरण करवाना चाहिए। समय पर उपचार नहीं मिलने पर रेबीज जानलेवा साबित हो सकता है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2026 में खंड डबवाली में रेबीज संक्रमण से मौत का यह पहला मामला है। इससे पहले वर्ष 2025 में गांव बिज्जूवाली में भी कुत्ते के काटने के बाद एक महिला की मौत हुई थी।
About The Author