Punjab
समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर डीसी दरबार पहुंचे सेक्टरवासी
सैक्टर 13 व 23 की समस्याओं को लेकर उपायुक्त से मिले लोग
भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: शहर के सैक्टर 13 व 23 की समस्याओं को लेकर सैक्टर के मौजिज लोगों ने नगर परिषद के पूर्व प्रधान विजय पंचगांव के नेतृत्व में सोमवार को उपायुक्त साहिल गुप्ता से मुलाकात की। स्थानीय लोगों ने सैक्टर की समस्याओं को दूर करने की मांग को लेकर एक ज्ञापन भी उपायुक्त को सौंपा। जिस पर उपायुक्त ने नगर परिषद के डी.एम.सी.को तुरंत टेलीफान कर समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए। ज्ञापन में सैक्टरवासियों ने कहा कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट का अतिक्रमण हटाने का हवाला देकर ग्रीन बेल्ट में काफी तोड़ फोड़ की है।
अतिक्रमण हटाने के नाम पर लोगों को परेशान किया गया है। अतिक्रमण हटाकर मलबे को वहीं छोड़ दिया गया है। जिससे सैक्टरवासी परेशान हैं। पूरे सैक्टर 13 व 23 में यह चिन्हित किया जाए कि फुटपाथ चार फुटी पगडंडी कहां से कहां तक है। उसके बाद इन पगडंडियों की प्रारंभ सीमा से डेढ़ फुट ऊंची सिमेंटीड कर्व लगाएं और कम से कम चार फुट तक इसकी टाईलिंग करें और बाकी क्षेत्र को साफ सुथरा समतल करवएं। बीच में पक्की सडक क्षेत्र को चिन्हित करने के बाद पक्की सडक के दोनों तरफ कार्य करवाया जाए।
उन्होंने कहा कि सैक्टर में ठप्प पड़ी सीवर व्यवस्था, बरसात के पानी की निकासी, अधुरी लाईन के साथ सीवर लाईन को जोडऩा और कुछ स्थानों पर पेयजल आपूर्ति की लाईन जोकि सीवरेज लाईन के साथ मिली हुई हैं, उनको ठीक करवाया जाये। उपायुक्त ने सैक्टरवासियों की इन समस्याओं को ध्यान से सुना और नगर परिषद के डीएमसी को तुरंत इस बारे में निर्देश दिए कि एस्टीमेट बनाकर सैक्टर की सभी फुटपाथों को बनाया जाए।