Punjab
बड़ा बदलाव: जींद के 15 स्कूल बनेंगे ‘इंग्लिश मीडियम मॉडल’
बड़ा बदलाव: जींद के 15 स्कूल बनेंगे ‘इंग्लिश मीडियम मॉडल’
नरवाना (सच कहूँ/राहुल)। हरियाणा सरकार ने सरकारी शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश के 250 सरकारी स्कूलों को ‘मुख्यमंत्री एक्सीलेंस एंड अर्ली इंग्लिश स्कूल’ के रुप में विकसित करने का फैसला लिया है। इस महत्वाकांक्षी योजना में जींद जिले के 15 सरकारी स्कूलों का चयन किया गया है। सरकार के इस निर्णय को जिले में शिक्षा क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत इन स्कूलों में पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई अनिवार्य रुप से शुरू की जाएगी। वहीं दूसरी कक्षा से आगे हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों के सेक्शन संचालित होंगे ताकि विद्यार्थियों को भाषा चयन में सुगमता रहे। इसके साथ ही, अधिसूचना जारी होने की तिथि से ही इन सभी संस्थानों को पूरी तरह से सह-शिक्षा (लड़के और लड़कियों की एक साथ पढ़ाई) वाले स्कूलों के रुप में संचालित किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को भी बिना किसी आर्थिक बोझ के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना है। ए सभी स्कूल पूर्व की भांति हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी से ही संबद्ध रहेंगे।
स्क्रीनिंग टेस्ट से चुने जाएंगे शिक्षक, ‘हब स्कूल’ के रुप में करेंगे काम
स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को उच्चतम स्तर पर बनाए रखने के लिए शिक्षकों की तैनाती एक विशेष स्क्रीनिंग प्रक्रिया के माध्यम से होगी। यह चयन प्रक्रिया मॉडल संस्कृति स्कूलों और 'पीएम श्री' स्कूलों की तर्ज पर की जाएगी, ताकि केवल योग्य और कुशल शिक्षक ही इन कक्षाओं को संभाल सकें। इस विशेष योजना के तहत विद्यार्थियों से केवल नियमित फंड ही लिया जाएगा, कोई भी अतिरिक्त फीस या अलग से वित्तीय योगदान नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा, ए स्कूल अपने-अपने क्लस्टर में 'हब स्कूल' (केंद्र स्कूल) के रुप में कार्य करेंगे और आसपास के अन्य स्कूलों के साथ अपने संसाधन, विशेषज्ञता तथा शैक्षणिक सहयोग साझा करेंगे।
दनौदा व धमतान साहिब के चयन से ग्रामीण आंचल को मिलेगा फायदा : बीईओ
खंड शिक्षा अधिकारी संतोष शर्मा ने सरकार के इस कदम को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस विशेष योजना में जिला जींद के 15 स्कूलों को शामिल किया गया है। उन्होंने विशेष रुप से नरवाना ब्लॉक का जिक्र करते हुए बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दनौदा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धमतान साहिब का चयन होने से इस ग्रामीण आंचल के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। इन दोनों चयनित स्कूलों में पहली कक्षा से विभागीय पत्र के अनुसार अंग्रेजी पाठ्यक्रम सुचारु रुप से शुरू करवाने तथा बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से तैयारियां पूरी मुस्तैदी से शुरू कर दी जाएंगी।
जींद जिले के इन 15 स्कूलों की चमकेगी किस्मत
- जींद ब्लॉक: शहीद दलबीर सिंह जीएसएसएस निडानी, जीएसएसएस कंडेला, शहीद आशीष कुमार जीएसएसएस घिमाना।
- नरवाना ब्लॉक: जीएसएसएस धमतान साहिब, जीएसएसएस दनौदा।
- उचाना ब्लॉक: जीएसएसएस कसून, जीएसएसएस करसिंधु।
- अलेवा ब्लॉक: जीएसएसएस रायचंद वाला, जीएसएसएस डाहोला।
- जुलाना ब्लॉक: जीएसएसएस किला जफरगढ़, शहीद राम चंदर जीएसएसएस लाजवाना कलां।
- पिल्लू खेड़ा ब्लॉक: जीएसएसएस मोर्खी, जीएसएसएस धतरथ।
सफीदों ब्लॉक: जीएसएसएस बुशलाना, जीएसएसएस कारखाना।
शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा नया आयाम : डॉ. अमित सैन
शहरी शिक्षा समिति के प्रधान डॉ. अमित सैन ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह योजना सरकारी शिक्षा व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव साबित होगी। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी शुरूआती स्तर से ही बेहतर अंग्रेजी शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे सरकारी स्कूलों के प्रति अभिभावकों का विश्वास और मजबूत होगा।
About The Author