लोकतंत्र के दो स्तंभों पर मंथन: SSP संजय कुमार वर्मा बोले- अपराधियों के लिए जनपद में कोई जगह नहीं
लोकतंत्र के दो स्तंभों पर मंथन: SSP संजय कुमार वर्मा बोले- अपराधियों के लिए जनपद में कोई जगह नहीं
मीरापुर (सच कहूं/कोमल प्रजापति)। राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर सनातन राष्ट्रीय प्रहरी ट्रस्ट द्वारा आयोजित भव्य संगोष्ठी “लोकतंत्र के दो स्तंभ : पुलिस प्रशासन और मीडिया” में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए पुलिस, मीडिया और आम जनता के बीच सकारात्मक, पारदर्शी और विश्वासपूर्ण समन्वय आवश्यक है। कार्यक्रम का आयोजन ट्रस्ट अध्यक्ष पंडित दीपक कृष्णात्रेय के संयोजन में किया गया। अपने संबोधन में एसएसपी ने राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस की महत्ता बताते हुए कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने देश में जनजागरण, सामाजिक चेतना और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता प्रशासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करती है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कानून व्यवस्था पर सख्त संदेश देते हुए कहा कि महिलाओं और बेटियों के साथ छेड़छाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यापारी और नागरिक सुरक्षित वातावरण चाहता है और ऐसा माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप अधिकांश अपराधी या तो जेल में हैं या जनपद छोड़कर भाग चुके हैं।
उन्होंने कहा कि न्यायपूर्ण पुलिसिंग तभी संभव है जब पुलिस जनता का विश्वास जीतने में सफल हो। इसके लिए पुलिस को संवेदनशील, जवाबदेह और जनोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाना होगा, वहीं मीडिया को तथ्यपरक और सकारात्मक पत्रकारिता के माध्यम से समाज को जागरूक करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ शिक्षाविद एवं प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने की, जबकि संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अनुज मुद्गल, ऋषिका सिंह, राजीव शर्मा, रोहित बंसल, दीपक चौधरी, मेजर सिंह तथा राजेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिखर शिक्षा सदन के संगीत शिक्षक जयसिंह एवं छात्रा अयात जेहरा की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने एसएसपी संजय कुमार वर्मा, क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक राजीव शर्मा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके बाद एसएसपी ने पंडित दीपक कृष्णात्रेय के आवास पर पहुंचकर उनके परिवार से मुलाकात की और उनके पुत्र विवस्वान को आशीर्वाद प्रदान किया।
About The Author