Punjab
सम्भलहेड़ा सहकारी केंद्र पर खाद को लेकर हंगामा, ब्लैक में बिक्री के आरोप
खाद वितरण में अनियमितता पर किसानों का फूटा गुस्सा, केंद्र पर हंगामा
मीरापुर (सच कहूं/कोमल प्रजापति)। Miranpur News: ग्राम पंचायत सम्भलहेड़ा स्थित किसान सहकारी संसाधन केंद्र पर बुधवार को खाद वितरण को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह से ही सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ खाद लेने के लिए लाइन में लगे रहे, लेकिन लंबे समय तक केंद्र पर कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला, जिससे किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
किसानों ने आरोप लगाया कि समिति कर्मचारी किसानों को खाद देने के बजाय उसे ब्लैक में ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। किसानों का कहना था कि गोदाम में केवल दिखावे के लिए एक ट्रॉली खाद रखी गई है, जबकि बाकी स्टॉक कार्यालय में शिफ्ट कर दिया गया है। किसानों के अनुसार पिछले कई दिनों से यही स्थिति बनी हुई है और उन्हें लगातार परेशान होना पड़ रहा है।
खाद वितरण के दौरान मौके पर तैनात एक सिपाही से एक किसान की कहासुनी भी हो गई। मामले को लेकर सोसाइटी कर्मचारी द्वारा किसान के खिलाफ थाने में तहरीर दिए जाने की भी जानकारी मिली है।
किसान मास्टर दर्शन सिंह ने बताया कि सोसाइटी समय पर नहीं खुलती। कभी एक घंटे तो कभी 15 मिनट के लिए केंद्र खोला जाता है। किसान टप्पू राजवंशी ने कहा कि पिछले 15 दिनों से किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ रहा है।
समिति के डायरेक्टर कृष्ण पाल ने बताया कि खाद की कमी के कारण दिक्कत आई थी, लेकिन अब पर्याप्त मात्रा में खाद मंगा लिया गया है। वहीं समिति अध्यक्ष सतीश कुमार रवि ने किसानों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि खतौनी के आधार पर लगातार खाद वितरित की जा रही है।
इस दौरान गुड्डू चौधरी, परमजीत सिंह, मंजर जैदी, दयाराम, सलीम, वसीम, शहजाद, राजू, दुष्यंत, शराफत, कलीराम सहित कई किसान मौजूद रहे।
.jpg)