कैंटर लूट कांड का फरार आरोपी मुठभेड़ के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा

पुलिस मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी बदमाश घायल, गिरफ्तार

Sarvesh Kumar Picture
Published On

मीरापुर (सच कहूँ/कोमल प्रजापति)। Mirapur News: पुलिस और बदमाश के बीच गुरुवार को प्रातः हुई मुठभेड़ में एक शातिर 15 हजार रूपये का ईनामी बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक बाइक, मोबाइल, पैन कार्ड, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पकड़े गए घायल बदमाश की पहचान वाहिद पुत्र यासीन निवासी ग्राम ललियाना थाना किठौर जनपद मेरठ के रूप में हुई है।

जानसठ क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 मार्च की रात्रि में मीरापुर-खतौली मार्ग से एक कैंटर लूट की वारदात हुई थी। पुलिस ने इस प्रकरण में पूर्व में कई बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि वाहिद फरार चल रहा था। लूट की घटना के बाद आरोपी काफी समय से फरार था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा द्वारा आरोपी पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

गुरुवार को मीरापुर पुलिस संभलहेड़ा गंग नहर पटरी मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें बदमाश वाहिद घायल हो गया। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि आरोपी काफी समय से वांछित चल रहा था तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Mirapur News

About The Author

Related Posts