तोशाम में एसडीएम संदीप कुमार ने किया कार्यालयों का औचक निरीक्षण
तोशाम में एसडीएम की सख्ती, रेहड़ियां हटाकर बाजार को जाम मुक्त बनाने की पहल
तोशाम (सच कहूँ/विरेंद्र सिंह )। Tosham News: उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) संदीप कुमार ने बुधवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई, आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, समयबद्धता तथा नागरिक सुविधाओं की विभागवार समीक्षा की। एसडीएम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालयों में प्रतिदिन नियमित रूप से सफाई कार्य किया जाए, ताकि पूरा उपमंडल कार्यालय परिसर स्वच्छ एवं व्यवस्थित बना रहे।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन को बिना किसी परेशानी के तय समय सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पेपर लैस रजिस्ट्रेशन, जमाबंदी कार्य, प्रतीक्षा कक्ष, कार्यालयों में आने वाले लोगों के बैठने की व्यवस्था, सूचना पट्ट, साफ-सफाई तथा कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को नागरिकों के साथ शालीनता एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने तथा समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रार्थी को सरकारी कार्यप्रणाली की पूरी जानकारी दी जानी चाहिए।
एसडीएम संदीप कुमार ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म प्रणाली की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचकर अनुशासन के साथ कार्य करने के लिए कहा। इसके अलावा एसडीएम संदीप कुमार ने तोशाम कस्बे को जाम मुक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्य बाजार का दौरा किया। एसडीएम ने चौधरी सुरेंद्र सिंह चौक से चौधरी बंसीलाल चौक तक मुख्य सडक पर लगने वाली रेहड़ियों को हटवाया तथा इस मार्ग को रोल मॉडल के रूप में जाम मुक्त बनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया।