Rojgar Mela: सरकारी महिला आईटीआई में रोजगार मेले का आयोजन

रोजगार मेले में 50 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक लिया भाग 

Sarvesh Kumar Picture
Published On

फरीदाबाद (सच कहूँ न्यूज)। Faridabad News: महिला सशक्तिकरण एवं युवतियों को सम्मानजनक रोजगार अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 360 बाइट्स टेक वेंचर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, ऊंचागांव, फरीदाबाद में एक सफल रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में कोपा ट्रेड की 50 से अधिक नव-उत्तीर्ण एवं पूर्व प्रशिक्षित छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष रूप से स्थानीय फरीदाबाद क्षेत्र में रोजगार की तलाश कर रही युवतियों के लिए यह आयोजन एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ। रोजगार मेले दौरान विभिन्न प्रतिष्ठित एमएनसी एवं कॉर्पोरेट कंपनियों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए गए, जिनमें योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें तत्काल रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।

चयनित छात्राओं को डाटा इंटरी ऑपरेटर, टाइपिस्ट, एमआईएस एग्जीक्युटिव सहित विभिन्न कार्यालयी एवं प्रशासनिक पदों पर नियुक्त किया गया। इस आयोजन के माध्यम से कुल 22 छात्राओं का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता एवं पद के अनुसार 16,850 से 26,501रूपए प्रतिमाह तक नेट टेक-होम वेतन वाले रोजगार अवसर प्रदान किए गए। यह उपलब्धि स्थानीय युवतियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने एवं उन्हें संगठित क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर जसमीन सिंह (हेड-डिलीवरी) एवं हिमांशु गक्खड़ (टैलेंट एक्विजिशन स्पेशलिस्ट-नॉर्थ इंडिया), 360 बाइट्स टेक वेंचर प्राइवेट लिमिटेड ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्तमान समय में कौशल आधारित शिक्षा एवं उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।

उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास, अनुशासन एवं निरंतर सीखने की भावना के साथ अपने करियर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। दोनों अधिकारियों ने सीमा (प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी-टीपीओ) का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग, मार्गदर्शन एवं छात्राओं के प्रति समर्पण के कारण यह रोजगार मेला सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सका। उन्होंने संस्थान के प्रधानाचार्य, समस्त स्टाफ, प्रशिक्षकों एवं छात्राओं का भी सहयोग एवं सहभागिता के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। 

 

Faridabad News

 

About The Author

Related Posts