CM Flying Raid: महेंद्रगढ़ नपा में सीएम फ्लाइंग की छापेमारी, अधिकारी गायब
शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई, रिकॉर्ड में नहीं मिला अवकाश का उल्लेख
नारनौल (सच कहूँ न्यूज)। Narnaul News: महेंद्रगढ़ नगर पालिका कार्यालय में आमजन को कार्य करवाने में हो रही परेशानियों और लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर बुधवार सुबह मुख्यमंत्री उड़नदस्ते एवं गुप्तचर विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, जिसके बाद उनकी रिपोर्ट तैयार कर शहरी स्थानीय निकाय विभाग, पंचकूला को भेज दी गई है।
छापेमारी के दौरान सिंचाई विभाग नारनौल के एसडीओ राजेश वर्मा को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। जांच के समय नगर पालिका कार्यालय में केवल लिपिक रवि यादव उपस्थित मिले। उन्होंने टीम को बताया कि नगर पालिका महेंद्रगढ़ में 17 स्थायी अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि तीन कर्मचारी हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के माध्यम से सेवाएं दे रहे हैं। जांच के दौरान नगर पालिका सचिव प्रशांत परासर, एमई राजेश कुमार, जेई नवदीप तथा लिपिक मनीषा कुमारी कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए।
टीम ने उपस्थिति रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड की जांच की, लेकिन किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की स्वीकृत छुट्टी अथवा कार्यालय से बाहर जाने संबंधी कोई अधिकृत प्रविष्टि नहीं मिली। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने मामले को गंभीर मानते हुए अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की सिफारिश की है। इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शहरी स्थानीय निकाय विभाग, पंचकूला को भेज दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
