Punjab
Bribe: 50 हजार रिश्वत लेते एचएसवीपी कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार
वीटा बूथ अनुमति के नाम पर रिश्वत मांगने वाला कर्मचारी गिरफ्तार
कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Kaithal News: एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) फतेहाबाद की टीम ने कैथल में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) कार्यालय में छापेमारी कर एक कर्मचारी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है। पूरी कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट गुरविंदर सिंह की मौजूदगी में की गई। जानकारी के अनुसार चीका निवासी तिलक राम ने एसीबी को शिकायत दी थी कि वह वीटा बूथ की अनुमति लेना चाहता था।
आरोप है कि इस कार्य को करवाने के बदले एचएसवीपी कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी संजय कुमार ने उससे 60 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। बाद में दोनों पक्षों के बीच 50 हजार रुपये में सौदा तय हो गया। शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी विजिलेंस के सहयोगी रविंद्र को दी, जिसके बाद एसीबी ने शिकायत की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान शिकायतकर्ता और आरोपी के बीच हुई बातचीत की कई बार रिकॉर्डिंग करवाई गई। रिकॉर्डिंग में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी ने आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई। योजना के तहत शिकायतकर्ता को 50 हजार रुपये देकर एचएसवीपी कार्यालय भेजा गया।
जैसे ही आरोपी संजय कुमार ने रिश्वत की राशि ली, पहले से निगरानी कर रही एसीबी फतेहाबाद की टीम ने मौके पर छापा मारकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
