राज्य महिला आयोग की सदस्या ने की कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश घोषित करने की मांग
भीषण गर्मी से छात्राओं की सेहत पर खतरा, महिला आयोग ने मांगी छुट्टियां
फिरोजाबाद (सच कहूँ न्यूज़)। Firozabad News: वर्तमान समय में प्रदेश में अत्यधिक गर्मी एवं निरंतर बढ़ते तामान के कारण जनजीवन व्यापक रूप से प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी का प्रतिकूल प्रभाव विशेष रूप से विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है । प्रदेश के अधिकांश विद्यालयों में ग्रीष्म ऋतु की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए अवकाश घोषित किए जा चुके हैं। बताया गया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राएं अभी भी इस भीषण गर्मी के बीच विद्यालय परिसर में निवास कर रही हैं। अत्यधिक तापमान के कारण छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।
इस सबको लेकर उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्या रेनू गौड़ ने अपर मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव शिक्षा विभाग लखनऊ से अनुरोध किया है कि प्रदेश के समस्त कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में भीषण ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए तत्काल ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करने की कृपा करें, जिससे छात्राये अपने अपने घर जा सकें तथा उनके स्वास्थ्य पर कोई असर ना पड़े। उन्होंने कहा है कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत अधिकांश छात्राएं ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से सामान्य परिवारों से आती हैं। ऐसी स्थित में उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं समुचित देखभाल को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
