Hanumangarh News: घर में घुसकर मारपीट, पत्नी-बच्चों के अपहरण और गाय ले जाने का आरोप

सदर थाना क्षेत्र के चक 4 पीबीएन की घटना, साले सहित कई लोगों के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट

Published On

हनुमानगढ़। सदर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट करने, पत्नी व बच्चों को जबरन ले जाने, मोबाइल फोन छीनने तथा गाय ले जाने के आरोप में नामजद आरोपियों सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार राजेन्द्र कुमार (37) पुत्र भगवान राम जाट निवासी चक 4 पीबीएन, ग्राम पंचायत कमाना ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 जून की रात करीब 9 बजे उसका साला नरेन्द्र कुमार पुत्र रामस्वरूप खीचड़ निवासी बहलोलनगर, कालूराम सहारण निवासी बहलोलनगर तथा उनके साथ 10-12 अन्य व्यक्ति उसके घर पहुंचे। सभी आरोपी घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे। उनके हाथों में लकड़ी के डंडे थे, जिन पर लोहे के तार बंधे हुए थे।

घर में घुसते ही आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपी उसका मोबाइल फोन भी छीनकर ले गए। आरोपी उसकी पत्नी ज्योति देवी तथा दोनों पुत्रों जयंत और चिराग को भी जबरन अपने साथ ले गए। मारपीट में गंभीर चोटें लगने के कारण वह चलने-फिरने की स्थिति में नहीं रहा और पूरी रात घर में ही पड़ा रहा। अगले दिन सुबह पड़ोसी बद्री उसके घर पहुंचे और उसे उपचार के लिए डबलीराठान के अस्पताल लेकर गए।

वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजकीय चिकित्सालय हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया। इसी दौरान पड़ोसियों ने सूचना दी कि कुछ लोग उसके घर से उसकी गाय भी खोलकर ले गए हैं और उनका संदेह है कि यह वही लोग थे जो रात में घर आए थे। सदर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक लालचंद को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। Hanumangarh News

अपहरण कर पिस्तौल के बल पर मारपीट व अमानवीय व्यवहार

हनुमानगढ़। सदर थाना पुलिस ने एक युवक के कथित अपहरण, मारपीट, जान से मारने की धमकी तथा अमानवीय व्यवहार के आरोप में कई नामजद और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार कुलदीप कुमार (29) पुत्र खेमचंद मेघवाल निवासी वार्ड नम्बर 2, बहलोलनगर ने रिपोर्ट दी कि पिछले दो-तीन दिनों से उसे एक व्यक्ति फोन कर रहा था, जिसने अपना नाम रमेश कुमार निवासी पाण्डूसर तहसील नोहर बताया।

उसने कहा कि वह किसी कंपनी के उत्पाद के संबंध में मिलना चाहता है और उसका मोबाइल नम्बर उसके परिचित मनोज कुमार ने दिया है। शिकायत के अनुसार 10 जून को दोपहर करीब 2 बजे रमेश कुमार ने पुन: फोन कर मिलने की बात कही। इसके बाद कुलदीप कुमार अपने मित्र जयपाल गोदारा के साथ चक 43 एसएसडब्ल्यू स्थित खेत में पहुंच गया। शाम करीब 4.30 बजे एक कार में रमेश कुमार, मनोज कुमार और एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचे और बातचीत के बहाने कुलदीप को अपने साथ कार में बैठा लिया।

बहलोलनगर निवासी युवक ने दर्ज कराई रिपोर्ट

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि कुछ दूरी तय करने के बाद मनोज कुमार ने पिस्तौल निकालकर उसके कान पर तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए कार में ही मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी उसे कालीबंगा टावर के पास तथा फिर झूरियांवाली के निकट एक सोलर प्लांट क्षेत्र में ले गए, जहां अन्य लोगों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की गई। वहां पहुंचे कई अन्य लोगों ने भी उसके साथ मारपीट की तथा जबरन पेशाब पिलाया और उसका वीडियो बनाया। बाद में उसका मोबाइल फोन छीनकर सिम कार्ड भी तोड़ दिया गया।

आरोपी उसे बाद में कालीबंगा क्षेत्र में मनोज कुमार के ताऊ मुखराम की ढाणी में ले गए, जहां भूराराम, सुभाष, दो महिलाओं तथा अन्य व्यक्तियों ने बेल्ट से मारपीट की। आरोप है कि वहां भी एक व्यक्ति ने बोतल में पेशाब भरकर उसे जबरन पिलाया। शाम करीब 7 बजे आरोपियों ने कुलदीप कुमार के पिता को फोन कर कहा कि उनका बेटा उनके कब्जे में है और यदि उसे सुरक्षित वापस लेना है तो बिना किसी को बताए वहां पहुंच जाएं। इसके बाद पिता मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ घर ले गए।

परिवादी ने आरोप लगाया कि जाते समय आरोपियों ने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। डर के कारण वह अगले दिन पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक लालचंद को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की सत्यता तथा घटना में शामिल सभी व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।

About The Author

Related Posts