टाउन की पारीक कॉलोनी में देर रात होमगार्ड जवान के घर में घुसकर हमला
ईंट मारकर फोड़ा सिर, तीन नामजद सहित कइयों के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र की पारीक कॉलोनी में एक होमगार्ड जवान के घर में घुसकर मारपीट करने तथा सिर पर ईंट मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों सहित 4-5 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार पारीक कॉलोनी, गली नम्बर 3 निवासी 39 वर्षीय जितेन्द्र कुमार पुत्र सेवाराम सिंधी, जो होमगार्ड सेवा में कार्यरत हैं, ने रिपोर्ट दी कि 10 जून की रात करीब 10.15 बजे ड्यूटी पूरी कर घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद रोहित पुत्र ललित नायक, हिमांशु भाट, साजन उर्फ साजी रायसिख तथा 4-5 अन्य लोग उनके घर में घुस आए। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और बाद में जितेन्द्र कुमार के साथ लात-घूंसों से मारपीट की।
हमलावर उन्हें घर से बाहर खींचकर ले गए और वहां भी बुरी तरह पीटा। बीच-बचाव के लिए आए उसके भाई राजकुमार और अशोक के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। इसी दौरान आरोपी रोहित ने ईंट उठाकर जितेन्द्र कुमार के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया। घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। Hanumangarh News
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने उनकी पत्नी के साथ भी मारपीट की तथा अश्लील गालियां दीं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। मोहल्लेवासियों की ओर से सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो आरोपी उसकी जान भी ले सकते थे। साथ ही आरोप लगाया कि आरोपी नशे की प्रवृत्ति के हैं और भविष्य में भी जान-माल का नुकसान पहुंचा सकते हैं। टाउन थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई अमीचंद को सौंपी है। पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी हुई है। Hanumangarh News