शिक्षा और रोजगार
Rajasthan Crime: शादी का झांसा देकर यौन शोषण और जीवनलीला समाप्त करने के लिए उकसाने का आरोप
महिला की मौत के दो माह बाद पति ने दर्ज कराई रिपोर्ट, वॉइस रिकॉर्डिंग को बनाया आधार
Rajasthan Crime:: हनुमानगढ़। नोहर थाना पुलिस ने एक महिला को शादी का झांसा देकर कथित रूप से यौन शोषण करने तथा बाद में जीवनलीला समाप्त करने के लिए उकसाने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हरियाणा के सिरसा जिला निवासी एक युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसकी पत्नी नोहर स्थित एक निजी मॉल में पिछले दो-तीन वर्षों से कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थी। Hanumangarh News
इसी दौरान उसकी पहचान गोरीशंकर घोड़ेला उर्फ सुनील उर्फ गुड्डू निवासी सेक्टर नम्बर 5, नोहर से हुई। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि गोरीशंकर ने स्वयं को अविवाहित और चिकित्सा विभाग में लैब टेक्नीशियन बताकर महिला से नजदीकियां बढ़ाईं तथा शादी का झांसा देकर कई बार उसका यौन शोषण किया। बाद में उसने शादी करने से इनकार करते हुए खुद के पहले से विवाहित होने की बात कही। परिवादी के अनुसार जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी गोरीशंकर, उसकी बहन मीनू तथा पत्नी सिया ने उसके साथ विवाद किया और कथित रूप से वीडियो एवं व्हाट्सएप चैट वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी।
रिपोर्ट में आरोप है कि आरोपियों ने महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और अपमानजनक बातें कहीं। शिकायत के अनुसार आरोपियों की कथित प्रताड़ना से आहत होकर महिला ने 18 अप्रैल 2026 की रात करीब 1.45 बजे नोहर और भूकरका के बीच रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे आकर जीवनलीला समाप्त कर ली।
परिवादी ने बताया कि जीवनलीला समाप्त करने से पूर्व महिला ने अपने मोबाइल फोन से अपनी माता के मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप वॉइस रिकॉर्डिंग भेजकर पूरी घटना की जानकारी दी थी। उक्त रिकॉर्डिंग को पेन ड्राइव में पुलिस को सौंपा गया है। फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जीवनलीला समाप्त करने के लिए उकसाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच उप निरीक्षक पृथ्वी सिंह नरूका को सौंपी है। मामले की जांच जारी है। Hanumangarh News