Protest Against Municipal Council.: बारिश से पहले जलभराव का खतरा, वार्डवासियों ने नगर परिषद के खिलाफ किया प्रदर्शन
नाले पर अतिक्रमण हटाने और सफाई की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
Waterlogging Risk: हनुमानगढ़। मानसून की शुरुआत के बावजूद टाउन की अम्बेडकर कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से स्थानीय लोगों में नगर परिषद प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी है। नालों की सफाई नहीं होने और जल निकासी बाधित रहने के विरोध में सोमवार को वार्ड 24 और 27 के नागरिकों ने पूर्व पार्षद भूपेन्द्र नेहरा और शेरसिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन कर नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी की। Hanumangarh News
प्रदर्शन के दौरान पूर्व पार्षद भूपेन्द्र नेहरा ने बताया कि पिछले कई वर्षों से वार्ड 24 और 27 के लोग गंदे पानी की निकासी की समस्या झेल रहे हैं। नगर परिषद ने पूरे शहर के पानी की निकासी के लिए वार्ड 27 से बड़ा नाला तो निकाला, लेकिन उसके रखरखाव और प्रबंधन पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मानसून शुरू हो चुका है और पहले भी बारिश हो चुकी है, जबकि आगामी दिनों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके बावजूद शहर के पानी के संग्रहण के लिए बनाई गई डिग्गी खाली नहीं कराई गई है तथा नाले और सीवरेज लाइनें जाम पड़ी हैं।
ऐसे में पानी की निकासी पूरी तरह प्रभावित हो रही है। नेहरा ने आशंका जताई कि यदि तेज बारिश हुई तो पूरे शहर का पानी अम्बेडकर कॉलोनी और भभूता सिद्ध कॉलोनी में जमा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि मामूली बारिश में ही वार्ड 27 जलभराव की स्थिति में पहुंच जाता है, जबकि अधिक वर्षा होने पर दोनों वार्डों के डूबने का खतरा बना रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद के नाले पर एक किसान ने तारबंदी कर करीब 50 फीट लंबा थड़ा बनाकर अतिक्रमण कर लिया है। Hanumangarh News
नाले की सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी वार्ड 27 की ओर आ रहा है, जिससे लंबे समय तक जलभराव बना रहता है और बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। पूर्व पार्षद ने कहा कि मुख्यमंत्री स्तर पर मानसून को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन स्थानीय नगर परिषद प्रशासन उन निर्देशों की अनदेखी कर रहा है। कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर परिषद प्रशासन ने शीघ्र नाले की सफाई, डिग्गी खाली कराने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की तो वार्डवासी आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। पूर्व पार्षद भूपेन्द्र नेहरा ने जिला कलक्टर से मामले का संज्ञान लेकर नाले पर किए गए अतिक्रमण को हटाने तथा जल निकासी व्यवस्था को तत्काल सुचारु कराने के लिए नगर परिषद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की। Hanumangarh News