कपिल हत्याकांड का मुख्य आरोपी रोहित यादव मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

कपिल हत्याकांड का मुख्य आरोपी रोहित यादव मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार,

Published On

हांसी, (सच कहूँ/मुकेश)। 11 जून को हांसी में जिम संचालक कपिल उर्फ कपिला की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के चर्चित मामले में सीआईए-2 पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी रोहित यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर हत्या से पहले रेकी करने और शूटरों को हथियार उपलब्ध कराने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, भिवानी जिले के बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव भुरटाना निवासी 27 वर्षीय रोहित यादव गांव पुट्ठी मंगल खां के पास छिपा हुआ था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली पुलिस की गाड़ी पर लगी। जवाबी कार्रवाई में रोहित के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया।

आरोपी को पहले हांसी के सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य भी जुटाए। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।

इससे पहले 18 दिन पूर्व हरियाणा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संयुक्त अभियान में इस हत्याकांड के दोनों शूटर हिमांशु और प्रवेश को बहादुरगढ़ क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया था। पुलिस के अनुसार, दोनों ने भी घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में कार्रवाई की गई।

ऐसे हुई थी कपिल की हत्या:

11 जून की सुबह करीब 5:25 बजे फव्वारा चौक स्थित जिम के बाहर कपिल युवाओं को वार्म-अप करा रहा था। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो हमलावर वहां पहुंचे। पीछे बैठे बदमाश ने उतरते ही कपिल पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में कपिल को कई गोलियां लगीं और उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फायरिंग के दौरान एक युवती भी गोली के छर्रे लगने से घायल हो गई थी। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थी।

हत्या की जिम्मेदारी गैंग ने ली थी:

हत्या के कुछ घंटे बाद सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर के नाम से पोस्ट जारी कर इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली गई थी। पोस्ट में कपिल की हत्या को पुरानी रंजिश से जोड़ते हुए धमकी भी दी गई थी। पुलिस इस पूरे मामले में गैंग के नेटवर्क और साजिश की जांच कर रही है।

About The Author

Related Posts