12 वे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए की जा रही है रिहर्सल सभी योगासनों का भी हो रहा योगाभ्यास
21 जून के योग दिवस को लेकर प्रताप नगर में हुआ सामूहिक योग अभ्यास
प्रताप नगर ((सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Pratap Nagar News: आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को व्यापक और सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में अनाज मंडी प्रताप नगर में उप मंडल अधिकारी ( नागरिक) जसपाल सिंह गिल के मार्गदर्शन और खंड शिक्षा अधिकारी अशोक धीमान के नेतृत्व में सामूहिक योग रिहर्सल का आयोजन किया गया। यह रिहर्सल 11 जून से आरंभ होकर आज 13 जून को संपन्न हुई।
इस सामूहिक रिहर्सल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिक्षा विभाग की ओर से इस सामूहिक रिहर्सल कार्यक्रम के नोडल अधिकारी राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रताप नगर के प्रधानाचार्य तेजपाल वालिया रहे। उनके साथ सी एच सी प्रताप नगर से डॉ शिखा ने भी भाग लिया। राजबीर सिंह, सुनील कुमार और विकल ने सभी को योग करवाया। नोडल अधिकारी तेज पाल वालिया ने बताया कि इस रिहर्सल का मुख्य उद्देश्य आम जन को योग के प्रति जागरूक करना और मुख्य कार्यक्रम के लिए प्रोटोकॉल के अनुसार अभ्यास सुनिश्चित करना था। रिहर्सल कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे हुई।
इस रिहर्सल में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि एवं शिक्षकों के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के और अन्य विभागों के कर्मचारियों ने भी भाग लिया। इस अवसर पर प्रशिक्षकों द्वारा ताड़ासन, वज्रासन, भुजंगासन, अनुलोम -विलोम, कपालभाति और ध्यान का सामूहिक अभ्यास करवाया गया। प्रशिक्षकों के द्वारा उपस्थित जन समूह को प्रत्येक आसन के महत्व और उससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर विक्रम सिंह, सुमेर सिंह, दीपक कुमार, ममता वालिया सहित अन्य विभागों के कर्मचारी और विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।
