कैथल में पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपियों के पैरों में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Kaithal News: जिले में निरंतर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने कई घंटों तक व्यापक तलाशी अभियान चलाया। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि 12 जून की देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि चार हथियारबंद युवकों ने कलायत क्षेत्र के एक होटल में लूटपाट का प्रयास किया है।
इसके बाद आरोपियों ने कैथल शहर में एक युवक से पिस्तौल के बल पर उसकी स्कूटी और नकदी भी लूट ली। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने विभिन्न पुलिस टीमों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।सूचना के आधार पर स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट, सीआईए-1, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ तथा कलायत थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने भैणी माजरा शुगर मिल के निकट स्कूटी पर सवार चार युवकों को घेर लिया। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और अलग-अलग दिशाओं में भागने का प्रयास किया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जींद जिले के खांडा खेड़ी गांव निवासी साहिल और अंकित तथा हिसार जिले के मिरपुर निवासी अशोक उर्फ गोलू के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान तीनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक आरोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
