Punjab
Haryanvi Folk Culture: हरियाणवी लोक संस्कृति अब सात समंदर पार मोरक्को पहुंची
गूंजी हरियाणवी फाग-धमाल की थाप
Haryanvi Folk Culture: भूना (सच कहूँ/संगीता रानी)। हरियाणा की लोक संस्कृति की गूंज अब सात समंदर पार मोरक्को तक पहुंच चुकी है। सांझी संस्कृति फाउंडेशन के बैनर तले अध्यक्ष धर्मेंद्र डांगी के नेतृत्व में भारतीय सांस्कृतिक दल ने मोरक्को में आयोजित अफ्रीका-डे समारोह एवं द्वितीय जेनरेशन म्यूजिकल एंड कल्चरल फेस्टिवल में हरियाणवी संस्कृति का शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाया। Fatehabad News
मोरक्को के ऐतिहासिक शहर फेज में आयोजित सांस्कृतिक संध्या के दौरान हरियाणवी घाघरा-चुंदड़ी और पगड़ी की रंग-बिरंगी छटा ने सभी का मन मोह लिया। हरियाणवी लोक कलाकार सुशील कुमार ने जब ढोल-नगाड़ों की थाप पर पारंपरिक फाग और धमाल नृत्य प्रस्तुत किया तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
वहीं पद्मश्री महाबीर गुड्डू के लोकगीतों ने दर्शकों को हरियाणा की मिट्टी से जोड़ दिया। सैक्सोफोन वादक अशोक कुमार ने मेरा हरियाणा की मधुर धुन प्रस्तुत कर मोरक्को में बसे भारतीयों को भावुक कर दिया। शास्त्रीय नृत्य कलाकार सनी कुमार तथा मंच संचालक रिया डांगी की प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने खूब सराहा। रबात स्थित भारतीय दूतावास में अफ्रीका-डे के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी हरियाणवी संस्कृति का विशेष आकर्षण देखने को मिला।
भारत के राजदूत संजय राणा की उपस्थिति में हरियाणवी लोक कला, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांझी संस्कृति फाउंडेशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र डांगी और नबद अल मगरेब फाउंडेशन की अध्यक्ष खदीजा एल मरबूह के बीच जनवरी माह में इंडो-मोरक्कन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल आयोजित करने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में भारतीय दूतावास के हेड आॅफ चांसरी सुनील कुमार, सांस्कृतिक अधिकारी अमित कुमार, राजदूत की धर्मपत्नी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। Fatehabad News