स्पेन में भारतीयों को बड़ी राहत: 41 हजार पासपोर्ट मामले सुलझे

राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू की पहल लाई रंग

Sarvesh Kumar Picture
Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Chandigarh News: स्पेन में रहने वाले हजारों भारतीयों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मैड्रिड और बार्सिलोना में लंबे समय से लंबित पड़े पासपोर्ट नवीनीकरण, पुन: जारी करने और पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) से जुड़े 41 हजार से अधिक मामलों का निपटारा तेजी से किया गया है। केन्द्रीय विदेश मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद वर्षों से परेशानी झेल रहे प्रवासी भारतीयों को बड़ी राहत मिली है। इस महत्वपूर्ण पहल के लिए स्पेन में बसे भारतीय समुदाय ने राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू का विशेष आभार व्यक्त किया है। भारतीय समुदाय का कहना है कि सांसद संधू द्वारा विदेश मंत्रालय के समक्ष यह मुद्दा मजबूती से उठाए जाने के बाद ही लंबित मामलों के समाधान की प्रक्रिया में तेजी आई। दरअसल, 7 मई को स्पेन के विभिन्न शहरों में रह रहे भारतीयों, सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समितियों और अन्य सामाजिक संगठनों ने सांसद संधू को पासपोर्ट और दस्तावेजीकरण से जुड़ी गंभीर समस्याओं से अवगत कराया था।

समुदाय ने बताया था कि पासपोर्ट नवीनीकरण, पुन: जारी करने और पीसीसी प्राप्त करने में हो रही देरी के कारण हजारों भारतीयों को रोजगार, यात्रा और कानूनी प्रक्रियाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद संधू ने तुरंत विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर स्पेन में रहने वाले भारतीयों, विशेषकर मैड्रिड और बार्सिलोना के नागरिकों के लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की मांग की थी। स्पेन स्थित भारतीय समुदाय के प्रतिनिधि कुलविंदर सिंह ने बताया कि सांसद संधू के हस्तक्षेप के बाद मैड्रिड में लगभग 21 हजार और बार्सिलोना में करीब 20 हजार लंबित मामलों का निपटारा किया गया है। हालांकि बार्सिलोना में दस्तावेजी कमियों के कारण अभी भी करीब 150 मामले लंबित हैं, जिनके शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।

शेष 150 मामलों को भी जल्द से जल्द करवाएंगे हल: सांसद संधू

सांसद संधू ने आश्वासन दिया कि वह शेष मामलों को भी विदेश मंत्रालय और केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर के समक्ष उठाएंगे ताकि सभी लंबित प्रकरणों का जल्द निपटारा सुनिश्चित किया जा सके। संधू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार दुनिया भर में बसे भारतीयों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने 41 हजार से अधिक मामलों के सफल निपटारे के लिए प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शेष 150 मामलों को भी जल्द से जल्द हल करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।  

Chandigarh News
Chandigarh News: पासपोर्ट के मामले हल होने के बाद सांसद सतनाम संधू का  धन्यवाद करते स्पेन में रहते भारतीय युवा।

 

About The Author

Related Posts