Punjab
झम्मट गाँव में आजादी के बाद पहली बार पहुंचा ‘नहरी पानी’
विधायक मनविन्द्र सिंह ग्यासपुरा की मेहनत लाई रंग
लुधियाना/पायल (सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा)। Payal News: पायल हलके के झम्मट गाँव के लिए वह ऐतिहासिक पल आ गया, जिसकी प्रतीक्षा ग्रामीण और किसान कई दशकों से कर रहे थे। आजादी के बाद पहली बार गाँव की लगभग 600 एकड़ जमीन के लिए नहरी पानी का मोघा चालू हो गया है। इस उपलब्धि से गाँव के किसानों में खुशी का माहौल है और लोग इसे गाँव के विकास के लिए एक नए युग की शुरूआत के रूप में देख रहे हैं।
किसानों और ग्र्रामीणों ने पंजाब सरकार, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पायल हलके के विधायक इंजीनियर मनविन्द्र सिंह ग्यासपुरा का धन्यवाद किया और कहा कि सालों से लटकी यह मांँग आज पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि पहले नहर का पानी गाँव के पास से गुजरता था, लेकिन इसका लाभ स्थानीय किसानों को नहीं मिलता था। विधायक ने कहा कि पायल हलके के हर गाँव के विकास के लिए पंजाब सरकार प्रतिबद्ध है और नहरी पानी से जुड़े प्रॉजैक्टों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि नगर झम्मट के किसान लंबे समय से नहरी पानी की मांग कर रहे थे, लेकिन पूर्व सरकारों ने इस मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया। आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद इस मुद्दे को गंभीरता से लिया गया और लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप आज यह सपना साकार हुआ है।
यह सिर्फ एक मोघा नहीं, बल्कि गांव के भविष्य को रोशन करने वाला विकास का दरवाजा: किसान
किसानों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक मनविन्द्र सिंह ग्यासपुरा ने हमेशा लोगों की समस्याओं को अपनी प्राथमिकता दी है। उनकी लगातार मेहनत और सरकार के साथ प्रभावी तालमेल के कारण ही यह प्रॉजैक्ट संभव हो सका। किसानों ने कहा कि यह सिर्फ एक मोघा नहीं, बल्कि गांव के भविष्य को रोशन करने वाला विकास का दरवाजा है। विधायक ने कहा कि पायल हलके के हर गाँव में पानी से संबंधित प्रॉजैक्टों पर तेजी से काम चल रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि किसानों को सिंचाई के लिए पूरी सुविधाएं मिलें और किसी भी गांव को विकास की दृष्टि से पीछे न रहने दिया जाए।
उन्होंने विश्वास जताया कि नगर झम्मट में शुरू हुआ यह प्रॉजैक्ट अन्य गाँवों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। गाँव झम्मट में नहरी पानी पहुंचने से किसानों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आ रही थी। ग्रामीणों का कहना था कि दशकों पुरानी मांग पूरी होने से उन्हें महसूस हो रहा है कि अब सरकार सचमुच जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है। यह प्रॉजैक्ट गाँव के विकास, कृषि की तरक्की और किसानों की खुशहाली के लिए एक नया अध्याय साबित होगा।