दनौदा को 27 करोड़ की विकास सौगात, प्रदेश के सबसे बड़े सीएचसी का शिलान्यास

शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: कृष्ण कुमार बेदी

Sarvesh Kumar Picture
Published On

नरवाना (सच कहूँ/राहुल)। Narwana News: हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने शनिवार को नरवाना विधानसभा क्षेत्र के गांव दनौदा खुर्द, दनौदा कलां और दबलैन में करीब 27 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। इनमें सबसे प्रमुख परियोजना गांव दनौदा में बनने वाला 25 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र है, जिसे क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को नई पहचान देने वाली परियोजना माना जा रहा है। ग्रामीण सभाओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य विजन शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा है। इसी सोच के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में भी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर चिकित्सा सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। अपराध और नशे के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति प्रभावी ढंग से लागू की जा रही है।

बेदी ने गांव दनौदा में करीब ढाई एकड़ भूमि पर बनने वाले तीन मंजिला, पूर्ण वातानुकूलित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। 30 बेड क्षमता वाले इस स्वास्थ्य केंद्र में एक एसएमओ, 11 मेडिकल ऑफिसर, 20 नर्सिंग स्टाफ तथा 50 से अधिक एचकेआरएन कर्मी सेवाएं देंगे। अगले 18 माह में तैयार होने वाले इस सीएचसी से दनौदा सहित आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों की करीब एक लाख आबादी को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना वर्षों से क्षेत्र की प्रमुख मांग थी, जिसके पूरा होने से ग्रामीणों को बड़े शहरों के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और गांवों के समग्र विकास को गति दी जाएगी।

कैबिनेट मंत्री ने दनौदा खुर्द में 21 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पक्की फिरनी तथा 36 लाख रुपये की लागत से बनने वाले दो ग्रामीण रास्तों का भी शिलान्यास किया। वहीं दनौदा कलां के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 43.20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार कमरों की आधारशिला रखी।

गांव दबलैन में 80.40 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नए विद्यालय भवन, 40 लाख रुपये की पक्की फिरनी, 17 लाख रुपये की गली तथा 19 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ग्रामीण रास्ते का शिलान्यास किया गया। नए विद्यालय भवन में आठ कमरे, तीन विज्ञान प्रयोगशालाएं तथा छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। कार्यक्रमों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री का पगड़ी, शॉल, पुष्पगुच्छ और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर स्वामी राघवानंद, सर्वजातीय बिनैण खाप के प्रधान रघुबीर नैन, उप प्रधान भगतराम नैन, मार्केट कमेटी चेयरमैन अमित ढाकल, उप चेयरमैन सत्यप्रकाश सैनी,सिविल सर्जन डाॅ. सुमन कोहली, एसडीओ पंचायती राज भूपेंद्र कुमार, बीडीपीओ तरुण सुथार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी महेंद्र श्योराण, खंड शिक्षा अधिकारी संतोष शर्मा,प्राचार्य बलजीत गोयत, प्राचार्य बेगराज और प्राचार्या सुनीता, हिसार कलां परिषद के निदेशक बिन्दर दनौदा, सरपंच दनौदा कलां किताबों देवी, सरपंच दनौदा खुर्द सुदेश देवी, सरपंच दबलैन कुलदीप काला, कैबिनेट मंत्री के निजी सहायक फकीर चन्द, मनोज कुमार,मीडिया प्रभारी संजय बल्हारा, जसबीर नैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति व भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Narwana News

 

About The Author

Related Posts