बठिंडा-मानसा में जगह-जगह टूट रहे रजबाहे-नहरें, खेतों में बाढ़ जैसे हालात

तलवंडी साबो में टूटा रजबाहा, भीखी के पास नहर टूटी, कोट बख्तू के पास कोटला ब्रांच नहर उफनी

Published On

बठिंडा/मानसा (सच कहूूँ/सुखजीत मान)। Mansa News: नहरी बंदी के बाद नहरों में छोड़ा गया पानी अब अचानक तेजी से बढ़ने लगा है। पानी छोड़े जाने से पहले नहरों और रजबाहों की पूरी सफाई नहीं होने और कई जगह नीचे पाइप आदि डालने के काम के चलते दरारें पड़ गई हैं। इसके कारण जिले में कई स्थानों पर खेतों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। किसानों की खड़ी फसलें भी डूब गई हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बची हुई फसलों की बुआई में देरी होने से नुकसान और बढ़ने की आशंका है।

जानकारी के अनुसार, बीते दिन बठिंडा जिले में महिमा सरकारी, महिमा भगवान और लहरा मोहब्बत के पास रजबाहों में दरार आ गई थी। किसान अभी खेतों में भरे पानी और गाद को निकालने में लगे ही थे कि शनिवार को तलवंडी साबो के पास भी रजबाहा टूट गया। इससे आसपास स्थित पटवारी कॉलोनी में भी पानी भर गया। हालांकि देर शाम तक भी प्रशासन ने टूटे हिस्से की मरम्मत की जिम्मेदारी नहीं ली, जिससे स्थिति जस की तस बनी रही। इसके अलावा कोट बख्तू के पास से गुजर रही कोटला ब्रांच नहर में पेड़ों की टहनियां आदि गिरने से नहर ओवरफ्लो होकर बह रही है और इसके टूटने का खतरा भी बना हुआ है। 

बठिंडा के साथ-साथ मानसा जिले में भी भीखी के पास नहर में दरार आने से 50 एकड़ से अधिक खेतों में पानी भर गया है। पानी खेतों से होते हुए बुढलाडा रोड तक पहुंच गया। इससे किसानों की धान की पनीरी भी डूब गई, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। साथ ही खेतों में अधिक पानी भरने से धान की रोपाई में भी देरी होने की संभावना है। किसानों का कहना है कि नहर के नीचे सीवरेज पाइपलाइन डालने का काम चल रहा था, जिसके कारण यह दरार पड़ी। वहीं कुछ किसानों का यह भी कहना है कि पहले से ही इस स्थान पर नहर की हालत ठीक नहीं थी। मौके पर अधिकारियों के न पहुंचने से किसानों में रोष भी देखा जा रहा है।

Mansa News

About The Author

Related Posts