13 करोड़ की सिंचाई परियोजनाओं का उद्घाटन
3,832 एकड़ भूमि को पहली बार मिलेगा नहरी पानी: गोयल
अमरगढ़/मलेरकोटला (सच कहूँ न्यूज)। Amargarh News: जल संसाधन एवं मृदा तथा जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने सोमवार को अमरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव मानकमाजरा और दहलीज खुर्द में लगभग 13 करोड़ रुपए की लागत वाली सिंचाई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अमरगढ़ के विधायक जसवंत सिंह गज्जनमाजरा भी उपस्थित रहे। गोयल ने जनसभा को संबोधित करते हुए बताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र की 3,832 एकड़ से अधिक कृषि भूमि को पहली बार नहरी पानी उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सिंचाई ढांचे को मजबूत करने और भूजल पर निर्भरता कम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
परियोजनाओं की जानकारी देते हुए गोयल ने बताया कि कोटला ब्रांच नहर से नई भसौर माइनर का निर्माण लगभग 4.07 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। इस नहर को कंक्रीट लाइनिंग के साथ विकसित किया गया है, जिससे मलेरकोटला और संगरुर जिलों के नौ गांवों में करीब 50 से 60 वर्ष बाद दोबारा नहरी पानी की आपूर्ति शुरु होगी। उन्होंने बताया कि गांव दरोगेवाल और मानकमाजरा के लिए भसौर माइनर से 7640 मीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन 1.73 करोड़ रुपए की लागत से बिछाई जा रही है, जिससे 1006 एकड़ कृषि भूमि को पहली बार नहरी सिंचाई का लाभ मिलेगा। इसी प्रकार रुसतमगढ़, संगाली, संगाला और भैणी कलां गांवों के लिए 4200 मीटर लंबी पाइपलाइन 1.03 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित की जा रही है, जिससे लगभग 980 एकड़ भूमि को आजादी के बाद पहली बार नहर का पानी मिलेगा।
गांव दहलीज खुर्द में मंत्री ने 6.17 करोड़ रुपए की लागत वाले सिंचाई कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि बठिंडा ब्रांच से 20,149 मीटर लंबी आधुनिक पाइपलाइन 5.63 करोड़ रुपए की लागत से बिछाई जा रही है, जिससे मेहरना खुर्द, कंगनपुर और रसूलपुर गांवों की 1486 एकड़ भूमि को नियमित नहरी पानी उपलब्ध होगा। इसके अतिरिक्त दहलीज कलां और दहलीज खुर्द की 360 एकड़ भूमि को नहर सिंचाई से जोड़ने के लिए 54 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं।
