फतेहाबाद के अस्पताल से पुलिस हिरासत से बाइक चोर फरार

मेडिकल करवाने लाए थे पुलिसकर्मी, हथकड़ी पहन भागा आरोपी

Published On

फतेहाबाद (सच कहूँ/विनोद शर्मा)। Fatehabad News: फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी मेडिकल जांच के दौरान पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हो गया। आरोपी अदालत में पेशी से पहले मेडिकल के लिए लाया गया था। मौका मिलते ही उसने पुलिसकर्मियों को झटका दिया और कबीर बस्ती की ओर भाग निकला। जल्दबाजी में वह अपनी चप्पलें भी अस्पताल परिसर में छोड़ गया। पुलिस के अनुसार सिरसा जिले के गांव भरोखां निवासी रवि भाम्भू की शिकायत पर 25 जुलाई को बाइक चोरी का मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने भूथन कलां निवासी सुरजीत को गिरफ्तार कर चोरी की गई प्लेटिना मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली थी। सोमवार सुबह एक हेड कांस्टेबल और एक होमगार्ड आरोपी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जांच शुरू होने से पहले ही आरोपी पुलिस अभिरक्षा से भाग निकला। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीआईए सहित कई पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। अस्पताल परिसर और कबीर बस्ती क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही आरोपी के फरार होने के मामले में पुलिस की लापरवाही की भी जांच शुरू कर दी गई है।

Fatehabad News

About The Author

Related Posts