शिक्षा और रोजगार
विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी के नेतृत्व में चुनाव शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में हुआ सम्पन्न
अंकुश मुटनेजा बने नगर कौंसिल जलालाबाद प्रधान व एडवोकेट राजीव बजाज बने सीनियर वाइस प्रधान
जलालाबाद (सच कहूँ/रजनीश रवि)। Jalalabad News: नगर कौंसिल जलालाबाद के प्रधान, सीनियर वाइस प्रधान और वाइस प्रधान का चुनाव सोमवार को पूरी तरह अमन-चैन और सर्वसम्मति से हुआ। पिछले दिन से कई तरह की पोस्टें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी पर आज चुनाव से पहले कौंसिलर एडवोकेट राजीव बजाज और वरिष्ठ नेता श्याम सुंदर मैनी द्वारा स्पष्ट कर दिया गया था कि जो फैसला विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी करेंगे वह सभी को मान्य होगा, हम चुनाव सर्वसम्मति से कराएंगे।
चुनाव के दौरान समस्त कौंसिलरों ने हाजिरी भरी और आपसी सहमति से नए पदाधिकारियों का चुनाव किया। चुनाव प्रक्रिया में अंकुश मुटनेजा को नगर कौंसिल जलालाबाद का प्रधान, एडवोकेट राजीव बजाज को सीनियर वाइस प्रधान और सुरिंदर घोगा को वाइस प्रधान चुना गया। यह चुनाव विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी के नेतृत्व में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में हुआ। चुनाव के बाद विधायक ने नए चुने गए पदाधिकारियों को मुंह मीठा करवाकर बधाई दी। इसके उपरांत समर्थकों ने नए पदाधिकारियों के घर पहुंचकर फूलों के हार पहनाए और लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया।
विकास की राजनीति पर भरोसा जताया: विधायक
इस मौके पर विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने कहा कि जलालाबाद के लोगों ने विकास की राजनीति पर भरोसा जताया है और अब इस भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरा जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है और अब नगर कौंसिल की कमान भी आम आदमी पार्टी के हाथों में आ गई है। इससे शहर के विकास कार्यों को और तेजी मिलेगी और हर वर्ग की लंबे समय से लटकी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जलालाबाद को विकास के मामले में एक नई पहचान दी जाएगी। शहर में सड़कें, सीवरेज, पीने का पानी, सफाई, स्ट्रीट लाइटें, पार्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
शहरवासियों व समस्त कौंसिलरों का धन्यवाद: प्रधान
नए चुने गए नगर कौंसिल प्रधान अंकुश मुटनेजा ने शहरवासियों और समस्त कौंसिलरों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें दी गई जिम्मेदारी को वह पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर कौंसिल का हर फैसला लोक हित को ध्यान में रखकर लिया जाएगा और शहर के हर वार्ड का बिना किसी भेदभाव के समान विकास करवाया जाएगा। अंकुश मुटनेजा ने कहा कि शहर में सफाई प्रबंध को और बेहतर बनाने, टूटी सड़कों की मरम्मत, नई विकास योजनाओं को लागू करने, पीने के पानी की सप्लाई सुचारु बनाने और लोगों की रोजाना समस्याओं का तुरंत समाधान करने को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगर कौंसिल के दरवाजे हर नागरिक के लिए हमेशा खुले रहेंगे और शहरवासियों के सहयोग से जलालाबाद को एक साफ-सुथरा, सुंदर और विकसित शहर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
