Fraud: बैंक से डेढ़ करोड़ की ठगी मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज
फर्जी वेतन रसीदें दिखाकर की ठगी
बठिंडा, (सच कहूँ/सुखजीत मान)। बठिंडा के एक सरकारी बैंक के साथ फर्जी वेतन रसीदें दिखाकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने फर्जी वेतन रसीदों के अलावा 10 अलग-अलग बैंक खातों का इस्तेमाल कर यह करोड़ों रुपये का कर्ज मंजूर करवाया था। जब बैंक अधिकारियों को इस धोखाधड़ी का पता चला तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। Bathinda News
पुलिस ने तीन व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, एसबीआई कैंट बठिंडा शाखा की चीफ मैनेजर श्वेता सिंगला ने थाना कैंट पुलिस को शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि हरविन्द्र सिंह पुत्र धर्म सिंह निवासी मनहोता, जिला होशियारपुर, सुरेन्द्र कुमार पुत्र मदन लाल निवासी दशमेश नगर गिद्दड़बाहा और रविन्द्र सिंह पुत्र बिक्र सिंह निवासी कमला नेहरू कॉलोनी बठिंडा ने वर्ष 2023-24 के दौरान 10 व्यक्तियों की फर्जी वेतन पर्चियाँ (पे स्लिप) तैयार कर बैंक से धोखे से 1 करोड़ 47 लाख रुपये का ऋण मंजूर करवाकर ठगी की।
थाना कैंट पुलिस ने इस संबंध में उक्त तीनों व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। जाँच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस मामले की विभिन्न पहलुओं से जाँच कर रही है कि यह धोखाधड़ी केवल इन तीन व्यक्तियों द्वारा की गई है या इसके पीछे कोई अन्य गिरोह भी शामिल है। Bathinda News