नशा छोड़ने वाले युवा बने ‘सूरमा’, सीएम मान ने अंगूठी पहनाकर किया सम्मानित

नशा एक बीमारी, अपराध नहीं, इलाज और पुनर्वास से ही मिलेगा समाधान: मान

Published On

लुधियाना (सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा)। Ludhiana News: पंजाब को नशा मुक्त बनाने के संकल्प को और मजबूती देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘युद्ध नशों के विरूद्ध’ अभियान के दूसरे चरण के तहत ‘सूरमा’ मुहिम की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल नशा तस्करी रोकना नहीं है, बल्कि नशे की लत से बाहर आए युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनाना भी है। इस दौरान नशा छोड़ चुके युवाओं को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘सूरमा’ अंगूठी पहनाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा छोड़ने वाले युवा असली सूरमा हैं, जिन्होंने अपनी इच्छाशक्ति से इस बुराई को हराया है।

उन्होंने कहा कि ऐसे युवा समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने घोषणा की कि जो भी युवा अपना व्यवसाय या रोजगार शुरू करना चाहता है, पंजाब सरकार उसकी हर संभव मदद करेगी। सरकार का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें शिक्षा, रोजगार और खेलों से जोड़ना है।  कार्यक्रम के दौरान नशे की लत से बाहर आए कई युवाओं ने अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि नशे ने उनके जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया था, लेकिन परिवार के सहयोग, इलाज और सरकार की नशा मुक्ति मुहिम से जुड़कर वे फिर से सामान्य जीवन में लौट आए हैं। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह सहित कई अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

युवाओं को नशे से दूर रखने में खेल सबसे प्रभावी साधन: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि नशा कोई अपराध नहीं, बल्कि एक गंभीर बीमारी है, जिसका समाधान इलाज और सही मार्गदर्शन से ही संभव है। इसी उद्देश्य से पंजाब भर में आधुनिक सुविधाओं से लैस नशा मुक्ति और पुनर्वास केन्द्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहाँ इलाज के साथ-साथ कौशल विकास की ट्रेनिंग भी दी जा रही है ताकि युवा आत्मनिर्भर बन सकें। मान ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने में खेल सबसे प्रभावी साधन हैं।

उन्होंने घोषणा की कि 15 जुलाई तक पंजाब के 3,100 गाँवों में खेल मैदान और 3,000 जिम कार्यशील हो जाएंगे, जिससे युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारों की गलत नीतियों और नशे के फैलाव ने पंजाब के युवाओं को बड़ा नुकसान पहँुचाया और कईयों को विदेशों की ओर जाने के लिए मजबूर किया। मौजूदा सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और रोजगार के अवसर बढ़ाकर पंजाब की नई तस्वीर बनाने के लिए काम कर रही है। 

Ludhiana News
Ludhiana News: नशा छोड़ने वाले युवाओं को सम्मानित करते मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान।

About The Author

Related Posts