कैबिनेट मंत्री गोयल ने खनौरी वासियों को दिया शुद्ध पेयजल का तोहफा 

खनौरी मंडी में 18 करोड़ की लागत से बनेगा जल शुद्धिकरण प्लांट, रखी नींव 

Published On

खनौरी/संगरूर (कुलवंत सिंह/बलकार सिंह)। Khanauri News: हलका लहरागागा के कस्बा खनौरी में शहरवासियों की शुद्ध पेयजल संबंधी समस्या का समाधान करते हुए कैबिनेट मंत्री एडवोकेट बरिन्द्र गोयल ने खनौरी निवासियों को शुद्ध पेयजल का तोहफा देते हुए शनिवार को 18 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से बनने वाले जल शुद्धिकरण प्लांट (वाटर वर्क्स) का नींव पत्थर रखा। इसके तहत नहर के पानी को शुद्ध कर पीने के लिए सप्लाई किया जाएगा। इस मौके पर खनौरी निवासियों ने बरिन्द्र कुमार गोयल का धन्यवाद करते हुए उनका भव्य स्वागत किया और कहा कि मंत्री ने शुद्ध पेयजल की समस्या का समाधान कर उन्हें बड़ा तोहफा दिया है।

गोयल ने कहा कि लहरागागा हलका उनका अपना परिवार है, इसलिए क्षेत्र में विकास कार्य करवाना और लोगों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यह वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तय समय में पूरा कर लिया जाएगा और जल्द ही खनौरी निवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्लांट में 0.50 लाख गैलन क्षमता की बड़ी टंकी बनाई जाएगी ताकि लोगों को पानी की कमी न हो। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में नए वाटर वर्क्स लगाए जा रहे हैं और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आरओ सिस्टम भी लगाए जा रहे हैं तथा खराब पड़े आरओ को ठीक किया जा रहा है।

पंजाब सरकार द्वारा पेयजल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सप्लाई प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए 315 करोड़ रुपये की नई परियोजनाएँ मंजूर की गई हैं। राज्य के कई क्षेत्रों, विशेषकर मालवा में भूजल पीने योग्य नहीं है, इसलिए सरकार सतही जल परियोजना के तहत ट्यूबवेलों की बजाय नहर के पानी को शुद्ध कर घरों तक पहुँचा रही है। विश्व बैंक की सहायता से विभिन्न शहरों में करोड़ों रुपये की लागत से बड़े ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जा रहे हैं।

Khanauri News

About The Author

Related Posts