अमृतसर में गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार 

तीन विदेशी पिस्तौल भी बरामद

Published On

अमृतसर (सच कहूँ न्यूज)। Amritsar News: प्रदेश में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राज्य विशेष अभियान सेल (एसएसओसी) अमृतसर और काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने एक केंद्रीय एजेंसी के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी हैंडलरों से जुड़े गैंगस्टर मॉड्यूल का पदार्फाश किया है। पुलिस ने इस मॉड्यूल के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन विदेशी निर्मित अत्याधुनिक पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनमोल सिंह उर्फ मोहला निवासी वड्डा ठेठरके (बटाला), जगरुप सिंह उर्फ रुपा निवासी शाहपुर जाजन (बटाला) तथा मोहित कुमार उर्फ जोबन निवासी कवरियां वाली पुली, गेट हकीमां (अमृतसर) के रुप में हुई है।

यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टरों के निर्देश पर काम कर रहे थे। ये विदेशी गैंगस्टर पंजाब में गैंगवार, फिरौती और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं। आरोपियों को हथियारों की खेप पहुंचाने और विभिन्न आपराधिक वारदातों को अंजाम देने की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी। उन्होंने कहा कि पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने, अन्य सहयोगियों की पहचान करने, पुराने आपराधिक मामलों की जांच करने और विदेश से संचालित इस संगठित अपराध सिंडिकेट को पूरी तरह ध्वस्त करने पर काम कर रही है। 

एसएसओसी अमृतसर के एआईजी सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से तीन विदेशी पिस्तौल और गोला-बारुद बरामद किया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अनमोल सिंह और मोहित कुमार सितंबर 2025 में अमृतसर कमिश्नरेट में दर्ज एक हत्या के मामले तथा जून 2026 में बटाला में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले से भी जुड़े हुए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों को इसी तरह की अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के निर्देश भी मिले हुए थे, जिन्हें समय रहते विफल कर दिया गया। इस संबंध में एसएसओसी अमृतसर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

Amritsar News

About The Author

Related Posts