मोदी के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित: कृष्ण कुमार बेदी
कहा- विकास की ऐसी लकीर खींची, जिसे पार करना किसी भी सरकार के लिए आसान नहीं
नरवाना (सच कहूँ/राहुल)। Narwana News: हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में सेवा, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और गरीब कल्याण के स्वर्णिम कालखंड के रूप में दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की राजनीति में नई कार्य संस्कृति स्थापित की है और विकास की ऐसी लंबी लकीर खींची है, जिसे आने वाले वर्षों में पार करना किसी भी सरकार के लिए आसान नहीं होगा। नरवाना के ढाणी स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 12 वर्षों तक देश की सेवा करते हुए समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया है।
उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने किसानों, गरीबों और जरूरतमंद परिवारों को नई सुरक्षा प्रदान की है। कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि दुनिया के अनेक देशों को वैक्सीन उपलब्ध करवाकर मानवता की सेवा का भी उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी भारत पहले से अधिक मजबूत हुआ है तथा ‘वन रैंक-वन पेंशन’ लागू कर पूर्व सैनिकों के सम्मान को बढ़ाया गया है। बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच का केंद्र देश का अंतिम व्यक्ति है। गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा और बुजुर्ग सभी वर्गों के लिए अलग-अलग योजनाएं बनाकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।
छबील लगाकर दिया सेवा का संदेश
गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, ढाणी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के लिए ठंडे और मीठे पानी की छबील लगाई गई। कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने छबील सेवा में भाग लेते हुए लोगों को शीतल जल वितरित किया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में प्यासे लोगों को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने छबील का प्रसाद ग्रहण किया।
हरियाणा-पंजाब-दिल्ली तक फैले नशा नेटवर्क पर प्रहार, बेदी बोले- अब कोई रियायत नहीं
मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्रवाई तेज, युवाओं का भविष्य बचाना सरकार की प्राथमिकता
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि नरवाना से लेकर पंजाब के बठिंडा तथा बहादुरगढ़-दिल्ली तक नशीले पदार्थों का नेटवर्क फैलने लगा था, जिससे क्षेत्र का युवा वर्ग प्रभावित हो रहा था। इसी को देखते हुए सरकार ने सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया। नशा तस्करों के खिलाफ हाल ही में हुई कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए बेदी ने कहा कि पिछले करीब दस महीनों से प्रशासन और सरकार संबंधित लोगों को नशे का कारोबार छोड़ने के लिए समझा रही थी।
उन्होंने स्वयं भी मौके पर जाकर लोगों से इस अवैध गतिविधि को बंद करने की अपील की थी, लेकिन इसके बावजूद वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए।।उन्होंने बताया कि इसके बाद पूरे मामले से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नशा बेचने और खरीदने वालों दोनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। बेदी ने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि हाल की कार्रवाई से नशा तस्करों को स्पष्ट संदेश गया है कि हरियाणा में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार नशामुक्त हरियाणा के संकल्प को लेकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।
