बैंक से पीछा कर महिला से छीने एक लाख रुपये, पुलिस ने एक घंटे में आरोपी दबोचा
पीएनबी से डेढ़ लाख रुपये निकालकर निकली थी महिला, सीसीटीवी और संयुक्त टीम की मदद से आरोपी गिरफ्तार
सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। शहर के रोड़ी बाजार स्थित रानी ब्यूटी पार्लर वाली गली में बुधवार को दिनदहाड़े एक महिला से एक लाख रुपये की झपटमारी का मामला सामने आया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात के करीब एक घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लूटी गई राशि बरामद कर ली। आरोपी की पहचान हर्षदीप सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी सिकंदरपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार केसर देवी सिटी थाना क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से डेढ़ लाख रुपये निकालकर अपने गंतव्य की ओर जा रही थीं।
इसी दौरान एक युवक ने उनका पीछा किया और रोड़ी बाजार में पहुंचने पर उनके हाथ से नकदी से भरी थैली झपटकर फरार हो गया। झपटमारी के दौरान थैली में रखी नोटों की एक गड्डी सड़क पर गिर गई, जबकि शेष राशि आरोपी अपने साथ ले गया। घटना के दौरान महिला का मोबाइल फोन भी नीचे गिर गया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी बलराज सिंह सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देश पर सीआईए, साइबर थाना और सिटी थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
डीएसपी मुख्यालय सुखबीर सिंह ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी भी पीएनबी बैंक में खाता खुलवाने के लिए पहुंचा था। वहीं उसने महिला को नकदी निकालते हुए देखा और बैंक से निकलने के बाद उसका पीछा करना शुरू कर दिया। मौका मिलते ही उसने झपटमारी की वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को करीब एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया तथा लूटी गई राशि भी बरामद कर ली। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
Sirsa News: पकड़ा गया आरोपी।