ओटू हेड पर किसानों की हुंकार, 25 जून को सिंचाई मंत्री का आवास घेराव की चेतावनी
हिसार घग्गर मल्टीपरपज ड्रेन के स्थायी समाधान की मांग, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
सरसा (सच कहूँ न्यूज)। Sirsa News: हिसार घग्गर मल्टीपरपज ड्रेन की समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर बुधवार को ओटू हेड पर किसानों की महापंचायत आयोजित की गई। संयुक्त किसान मोर्चा ऐलनाबाद के बैनर तले हुई इस महापंचायत में सरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और जींद जिलों के सैकड़ों किसान शामिल हुए। पंचायत के बाद किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि बारिश के मौसम से पहले उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 22 जून को चौपटा में बड़ी पंचायत और 25 जून को सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के आवास का घेराव किया जाएगा।
महापंचायत की अध्यक्षता स्वर्ण सिंह विर्क, सुरजीत सिंह और प्रकाश ममेरा ने संयुक्त रूप से की। मौके पर एसडीएम सहित सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता, कार्यकारी अभियंता और एसडीओ भी पहुंचे और किसानों का ज्ञापन प्राप्त किया। किसान नेता बलवान पूनिया ने कहा कि ड्रेन की समस्या से हजारों एकड़ भूमि प्रभावित हो रही है। सेम, जलभराव और निकासी व्यवस्था की खामियों के कारण किसानों की फसलें लगातार नुकसान झेल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और विभाग की अनदेखी के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ये हैं किसानों की प्रमुख मांगें
किसानों ने ओटू हेड पर 1500 क्यूसिक क्षमता के स्थायी पंप सेट लगाने, ड्रेन में बैक फ्लो रोकने के लिए गेट स्थापित करने, ड्रेन की किसानों की निगरानी में सफाई करवाने, गाद निकालकर बांध मजबूत करने, सेम की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा ड्रेन में औद्योगिक और प्रदूषित पानी की निकासी रोकने की मांग उठाई। साथ ही घग्गर से निकलने वाली नहरों की सफाई और ड्रेन के अंतिम छोर पर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की भी मांग की गई। महापंचायत में रानियां विधायक अर्जुन चौटाला, कांग्रेस नेता सुमित बैनीवाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष बैनीवाल, जेजेपी जिला अध्यक्ष अशोक वर्मा समेत विभिन्न राजनीतिक और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने समर्थन जताया।