Snake News: सीएचसी के टीबी जांच केंद्र में निकला सांप, हड़कंप
टीबी लैब में घुसा 5-6 फीट लंबा सांप, वन विभाग ने सुरक्षित जंगल में छोड़ा
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Snake News: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्थित टीबी जांच केंद्र में जहरीला सांप निकलने से अफरा-तफरी मच गई। बाद में फॉरेस्ट डिपार्टमेंट की टीम ने सांप को रेस्क्यू करके जंगल में छोड़ दिया। बुधवार को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्थित टीबी जांच कक्ष में करीब पांच-छह फीट लंबा सांप दिखाई दिया, जिस पर मौके पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों व मरीजों में अफरा-तफरी मच गई।
सांप ट्रूनेट लैब तक पहुंच गया तथा वहां रखे दवाइयों के डिब्बों व रैपर आदि के नीचे घुस गया। टीबी सेंटर पर मौजूद वरिष्ठ लैब तकनीशियन जरीफ अहमद ने मामले की सूचना वन विभाग के कर्मचारियों को दी, जिस पर वनकर्मी ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद सांप को काबू में किया। वनकर्मी ने रेस्क्यू किये गए सांप को ले जाकर जंगल में छोड़ दिया। सांप के पकड़े जाने पर टीबी सेंटर पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने राहत की सांस ली। हालांकि टीबी सेंटर में इस तरह से सांप निकलना स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए भी चिंताजनक है।
