20 घंटे बाद मिला यमुना में डूबे किशोर का शव, हाहाकार
एक दिन पूर्व यमुना के गहरे पानी में समा गया था स्नान के लिए आया हरियाणा के जिला जींद का छात्र शुभम
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: एक दिन पूर्व यमुना नदी में डूबे दसवीं कक्षा के छात्र शुभम का शव गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के चलते करीब 20 घंटे बाद पुल के नीचे बने गहरे कुंड से बरामद हुआ है। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। बाद में परिजन बिना किसी कानूनी कार्यवाही के ही मृतक किशोर के शव को अपने साथ में ले गए।
विगत सोमवार को हरियाणा के जनपद जींद के खेड़ा खेमावती गांव निवासी शुभम(15) अपने परिवार के सदस्यों के साथ में अमावस्या पर स्नान हेतु यमुना नदी पर आया था। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे शुभम यमुना नदी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह यमुना के गहरे पानी में समा गया। किशोर को डूबता देख पिता बलविंदर व बड़े भाई ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नही हो सके। किशोर को बचाने का प्रयास कर रहे तीन अन्य युवक भी यमुना नदी में डूबने लगे, जिन्हें आसपास नहा रहे लोगो व प्राइवेट गोताखोरों ने बामुश्किल बचाया।
किशोर के डूबने की सूचना पर एसडीएम कैराना शिवाजी यादव, सीओ हेमंत कुमार, तहसीलदार अर्जुन चौहान व नायब तहसीलदार सतीश यादव यमुना नदी पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने प्राइवेट गोताखोरों को लगाकर किशोर की तलाश में यमुना में सर्च अभियान चलवाया। हालांकि देर शाम तक भी किशोर का कोई सुराग नही लग सका। यमुना में डूबा किशोर शुभम कक्षा दस का छात्र था। वह दो भाइयों में छोटा था। देर शाम तक तहसीलदार अर्जुन चौहान व नायब तहसीलदार सतीश यादव तथा हरियाणा पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर डेरा डाले रहे।
मंगलवार सुबह छात्र की तलाश में ऑक्सीजन के सिलेंडर के साथ में गोताखोरों ने सर्च अभियान शुरू किया। प्रातः करीब साढ़े आठ बजे किशोर का शव यमुना पुल के नीचे बने गहरे कुंड से बरामद हुआ। शव को देखते ही परिजनों में हाहाकार मच गया। उनका रो-रोकर बुरा हाल था। बाद में परिजन बिना किसी कानूनी कार्यवाही के ही मृतक किशोर के शव को अपने साथ में ले गए। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने बताया कि पंचायतनामा भरने के पश्चात मृतक के शव को परिजनों के सुपर्द कर दिया गया।
5.jpg)