शहरी एवं ग्राम सेवा शिविरों में आमजन को मिली राहत, योजनाओं का मिला लाभ
शहरी एवं ग्राम सेवा शिविरों में आमजन को मिला योजनाओं का लाभ
टिब्बी (सच कहूँ/अंकित वधवा)। Tibbi News: राजस्थान सरकार के निर्देशन में आयोजित शहरी सेवा शिविर 2026 एवं ग्राम सेवा शिविर के माध्यम से आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है तथा वर्षों पुरानी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। नगरपालिका टिब्बी परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिला रानी देवी पत्नी हीरालाल की गोद भराई की रस्म संपन्न करवाई गई।
इस अवसर पर उन्हें फलाहार एवं श्रृंगार सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की गई। कार्यक्रम में श्री जगदीश जी कस्बा ने गोद भराई की रस्म निभाई। शिविर के दौरान एक जॉब कार्ड जारी किया गया तथा जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित एक ई-साइन आवेदन प्राप्त हुआ। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा पालनहार योजना के तहत सुलोचना के बच्चों मोहित एवं नाविक को प्रतिमाह 3000 रुपये की सहायता स्वीकृत की गई। सुलोचना के पति का वर्ष 2024 में निधन हो चुका है तथा दोनों बच्चे विद्यालय में अध्ययनरत हैं।
वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ममता पत्नी विकास ढाका को योजना का लाभ प्रदान किया गया। शिविर का निरीक्षण भाजपा नेत्री गुलाब सिंवर ने किया तथा आमजन को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान अधिशासी अधिकारी बृजेश सोनी, वरिष्ठ सहायक सुमित्रा छींपा एवं संदीप मील सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नगरपालिका टिब्बी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना की सफलता की कहानी भी साझा की गई। वार्ड संख्या 13 निवासी सुनील कुमार पुत्र आदराम ने बताया कि योजना के तहत 2.50 लाख रुपये की सहायता प्राप्त कर उन्होंने अपना जर्जर मकान पक्का बनवाया, जिससे उनके परिवार को सुरक्षित आवास उपलब्ध हो सका। उधर, गांव सालीवाला में आयोजित ग्राम सेवा शिविर में एक किसान की 22 वर्ष पुरानी राजस्व संबंधी समस्या का समाधान कर बड़ी राहत प्रदान की गई। किसान जगदीश चंद्र पुत्र गणपतराम ने अपने कृषि खाते में स्वयं एवं अपने पिता के नाम में दर्ज अशुद्धि की समस्या शिविर में रखी। तहसीलदार हरीश कुमार टाक के निर्देश पर राजस्व टीम ने मौके पर सत्यापन कर नाम शुद्धिकरण की प्रक्रिया पूरी की तथा प्रकरण को अनुमोदन हेतु उपखंड अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।
उपखंड अधिकारी सत्यनारायण सुथार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाम शुद्धिकरण को स्वीकृति प्रदान कर किसान को प्रमाण पत्र सौंपा। किसान ने बताया कि अब उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड, फॉर्मर आईडी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। राज्य सरकार के "आपणी सरकार आपके द्वार" अभियान के तहत आयोजित इन शिविरों में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे आमजन को त्वरित राहत एवं योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
