शिक्षा और रोजगार
पंजाब में भी इस बार खिलेगा कमल, हरियाणा की जनकल्याणकारी योजनाओं की वहां भी हो रही चर्चा: सीएम
बोले, पंजाब की जनता विकास चाहती है, बड़े वादों से अब नहीं चलेगा काम
सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। Sirsa News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दावा किया कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी और प्रदेश में कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की चर्चा पड़ोसी राज्य पंजाब में भी हो रही है। पंजाब की जनता अब केवल वादों से नहीं, बल्कि विकास और सुशासन से जुड़ना चाहती है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को सरसा के पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और भाजपा सरकार की नीतियों का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। पंजाब की राजनीति को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां की वर्तमान सरकार ने बड़े-बड़े वादे कर जनता का समर्थन हासिल किया था, लेकिन अब लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। हरियाणा में डबल इंजन सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की चर्चा पंजाब में भी हो रही है और इसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।
कानून व्यवस्था पर नहीं होगा कोई समझौता
प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रहा है, जबकि कांग्रेस शासन के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और कानून व्यवस्था के मामले में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विधानसभा सत्र बुलाए जाने पर विपक्ष को अपनी भूमिका निभानी चाहिए, लेकिन कई बार विपक्ष चर्चा से बचने का प्रयास करता है।
महंगाई पर बोले- दुनिया भर में दिख रहा असर
बढ़ती महंगाई को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका प्रभाव केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में देखा जा रहा है। इसके बावजूद केंद्र और राज्य सरकारें आमजन को राहत देने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार प्रयास कर रही हैं।
योग केवल व्यायाम नहीं, संपूर्ण जीवन पद्धति है: सीएम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति का अमूल्य उपहार है, जो शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली संपूर्ण जीवन पद्धति है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की कला है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में ग्राम बाबा भूमणशाह स्थित मुख्य धाम बाबा भूमणशाह में आयोजित योग अभ्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जिसने योग को बढ़ावा देने के लिए योग आयोग का गठन किया है। प्रदेश में पहली से दसवीं कक्षा तक योग शिक्षा को अनिवार्य बनाया गया है। स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में योग क्लब स्थापित किए गए हैं। राज्य सरकार 6500 गांवों में व्यायामशालाएं स्थापित करने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है, जिनमें से 889 का निर्माण पूरा हो चुका है।
