शिक्षा और रोजगार
कैराना में वलीमें में परोस दिया बीफ, दूल्हा व उसका मामा गिरफ्तार
आरोपियों के कब्जे से गोकशी की घटना में प्रयुक्त दहेज में मिली नई स्कॉर्पियो कार, वध के उपकरण, 10 किग्रा गोमांस व अवशेष बरामद
कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: कैराना के मोहल्ला रेतेवाला में स्थित मुगल गार्डन मैरिज होम में आयोजित वलीमे की दावत में गोमांस (बीफ) परोसने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मैरिज होम पर छापेमार कार्यवाही करते हुए दूल्हे व उसके मामा को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दहेज में मिली नई स्कॉर्पियो कार, पशुवध के उपकरण, दस किग्रा गोमांस(बीफ) व अवशेष बरामद हुए है। वहीं, पुलिस ने मैरिज होम संचालक समेत पांच नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करते हुए गोकशी की घटना में शामिल फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गुरुवार देर रात्रि कोतवाली पुलिस को कस्बे के मोहल्ला रेतेवाला में स्थित मुगल गार्डन मैरिज होम में आयोजित वलीमे की दावत में गोमांस(बीफ) परोसे जाने की सूचना मिली, जिस पर पुलिस टीम त्वरित कार्यवाही करते हुए मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को मैरिज होम में भारी मात्रा में गोमांस से तैयार किया गया खाना बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर गड्ढे में दबवा दिया। पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद दो लोगो को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने अपना नाम व पता फरमान व सलमान निवासीगण मोहल्ला छड़ियान कस्बा कैराना बताया। पकड़े गए दोनों आरोपी आपस में मामा-भांजे बताए गए है।
इस्सापुर खुरगान के जंगल में की गई गोकशी, दहेज में मिली स्कॉर्पियो का हुआ इस्तेमाल
पकड़े गए आरोपी फरमान ने पुलिस पूछताछ में बताया कि विगत 16 जून को उसकी शादी हुई थी। विदाई के उपरांत गुरुवार की शाम को कस्बे के मोहल्ला रेतेवाला में स्थित मुगल गार्ड़न मैरिज होम में वलीमे की दावत का कार्यक्रम था। पुलिस के अनुसार, फरमान ने अपने मामा सलमान व शौकत गुर्जर निवासी मोहल्ला चांद मस्जिद तथा साबू कुरैशी निवासी मोहल्ला रेतेवाला कस्बा कैराना के साथ मिलकर ग्राम इस्सापुर खुरगान के जंगल में घूमते-फिरते गोवंशों को पकड़कर उनका वध किया।
गोवंश के अवशेषों को मौके पर छोड़कर बीफ(गोमांस) को दहेज में मिली स्कॉर्पियो कार में रखकर मुगल गार्ड़न फार्म हाउस में वलीमे में लेकर आये और लोगो को परोस दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दस किग्रा गोमांस, पशु कटान में प्रयुक्त लकड़ी का गुटका, 03 लोहे की छुरियां, लोहे का एक दाव, 01 कुल्हाड़ी तथा रॉड आदि सामान बरामद किया है। पशु चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर बरामद मांस का सैंपल लिया, जिसे जांच हेतु प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। पुलिस ने गोकशी की घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी को भी सीज कर दिया है।
सीज किया गया मैरिज होम, संचालक समेत फरार आरोपियों की तलाश तेज
शुक्रवार दोपहर पुलिस टीम कस्बे की इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र त्यागी के नेतृत्व में मुगल गार्डन मैरिज होम पर पहुंची। जहां पर टीम ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मैरिज होम पर ताला जड़ते हुए उसे सीज कर दिया। मामले में दभेड़ी खुर्द चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान की ओर से पांच नामजद व कुछ अज्ञात के विरुद्ध कोतवाली कैराना पर मुकदमा दर्ज कराया गया है, जिसमें मैरिज होम संचालक अनीस भी शामिल है।
पुलिस ने पकड़े गए दूल्हे फरमान व उसके मामा सलमान को चालान करके जेल भेज दिया है, जबकि मैरिज होम संचालक समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने बताया कि गोकशी की घटना में शामिल शेष आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।
