अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 30 किलो हेरोइन बरामद

पंजाब पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मिली बड़ी सफलता 

Published On

अमृतसर (सच कहूँ न्यूज)। Amritsar News: पंजाब पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार संचालित एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का पदार्फाश करते हुए दो नाबालिगों सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30.045 किलोग्राम हेरोइन और तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में गौतम, कबीर उर्फ काकू, समीर उर्फ सबरवाल, गुरप्रीत सिंह उर्फ कीड़ा तथा दो नाबालिग शामिल हैं। आरोपियों में कबीर उर्फ काकू का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है और वह पहले भी एनडीपीएस अधिनियम के एक मामले में नामजद रह चुका है। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की खेप को पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचाने की तैयारी की जा रही थी। अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए गौतम और उसके दो नाबालिग साथियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही और पूछताछ के बाद कबीर उर्फ काकू, समीर उर्फ सबरवाल और गुरप्रीत सिंह उर्फ कीड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 30.045 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जो हाल के समय की बड़ी बरामदगियों में से एक मानी जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दुबई में बैठे एक तस्कर के संपर्क में थे, जो सीमा पार से हेरोइन की खेप पंजाब तक पहुंचाने का संचालन कर रहा था। आरोपियों का काम निर्धारित स्थानों से नशीले पदार्थों की खेप उठाकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में उसकी आपूर्ति करना था। पुलिस के अनुसार दुबई में बैठा यह तस्कर पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक है और वह एनडीपीएस अधिनियम के तीन बड़े मामलों में वांछित है।

Amritsar News

About The Author

Related Posts