मजदूर के बेटे ने रचा इतिहास, MBBS पास कर बना डॉक्टर, गांव सम्भलहेड़ा में खुशी की लहर
गांव सम्भलहेड़ा के अभिषेक ने एमबीबीएस परीक्षा पास कर बढ़ाया मान
मीरापुर (सच कहूं/कोमल कुमार)। Mirapur News: क्षेत्र के गांव सम्भलहेड़ा निवासी अभिषेक ने एमबीबीएस की परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। अभिषेक की सफलता से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उसका भव्य स्वागत किया तथा फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया।
अभिषेक के पिता सूरजमल गांव में मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उन्होंने अपने बेटे को डॉक्टर बनाने का सपना देखा और उसे पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत की। अभिषेक की प्रारंभिक शिक्षा गांव में हुई, जबकि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई उसने मीरापुर स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज से पूरी की।
इसके बाद अभिषेक ने नीट परीक्षा की तैयारी के लिए मुजफ्फरनगर के एक कोचिंग संस्थान में प्रवेश लिया। सीमित संसाधनों और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद पिता ने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। अभिषेक ने भी अपने माता-पिता के संघर्ष को समझते हुए कड़ी मेहनत की और वर्ष 2021 में नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर ली। इसके बाद उसका प्रवेश एसएमएमएच मेडिकल कॉलेज, सहारनपुर में हो गया।
लगभग साढ़े चार वर्ष की कठिन पढ़ाई और अथक परिश्रम के बाद घोषित हुए एमबीबीएस अंतिम वर्ष के परिणाम में अभिषेक ने सफलता प्राप्त कर डॉक्टर बनने का सपना साकार कर लिया। जैसे ही परिणाम की सूचना परिजनों और ग्रामीणों को मिली, पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
बेटे की इस उपलब्धि पर माता-पिता की आंखें खुशी से नम हो गईं। ग्रामीणों ने अभिषेक की सफलता को गांव के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
