नगला बुजुर्ग पहुंचे लोजपा के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
नगला बुजुर्ग में लोजपा युवा अध्यक्ष राघव दास अग्रवाल ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
भोपा (सच कहूँ न्यूज़)। Bhopa News: लोक जनशक्ति पार्टी लोजपा के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष राघव दास अग्रवाल रविवार को नगला बुजुर्ग गांव पहुंचे। यहां ग्रामीणों व पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने श्मशान घाट व कब्रिस्तान में प्रकाश व्यवस्था न होने की समस्या प्रमुखता से उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय अंतिम संस्कार और अन्य आवश्यक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पर राघव दास अग्रवाल ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक व्यवस्था कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज बनकर कार्य कर रही है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और गांवों के विकास के लिए पार्टी प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों की अन्य समस्याओं को भी गंभीरता से सुना और उनके निस्तारण का भरोसा दिलाया।
इस दौरान पूर्व प्रधान जान मोहम्मद, आशीष मित्तल, मुकेश अग्रवाल, पूजा गर्ग, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रविष, नवेद आलम, मोहम्मद ओवैस, मोहम्मद अजहर, फरहान, हाजी एहसान, रईस, आफताब, राजकुमार, राजेंद्र कुमार, मदन, राजू, बालकिशन, कृष्ण कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
