Sirsa News: आपदा पीड़ित इस परिवार ने पीएम आवास योजना का लाभ न मिलने पर लगाई प्रशासन व सामाजिक संस्थाओं से मदद की गुहार

बारिश से कच्चे मकान की छत गिरी, बाल-बाल बचा परिवार

Published On

रानियां (सच कहूँ/राजेंद्र गाबा)। नगर के वार्ड नंबर-9 स्थित एक गली में सोमवार को हुई बारिश एक गरीब परिवार के लिए मुसीबत बन गई। बारिश के कारण एक कच्चे मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया और परिवार बाल-बाल बच गया। Sirsa News

वार्ड नंबर-9 निवासी रामपाल ने बताया कि वह अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी के साथ कई वर्षों से कच्चे मकान में रह रहा है। सोमवार को हुई बारिश के दौरान मकान की छत गिर गई, जिससे घर को काफी नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया कि यदि हादसे के समय परिवार घर के अंदर होता तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। 

रामपाल ने बताया कि उसने करीब दो वर्ष पहले प्रधानमंत्री आवास योजना (PM Awas Yojana) के तहत आवेदन किया था, लेकिन आज तक उसे योजना का लाभ नहीं मिला। इसके लिए वह कई बार नगर पालिका रानियां के चक्कर लगा चुका है। उसका आरोप है कि संबंधित कर्मचारी पहले अपने स्तर पर मकान की नींव भरने और उसकी फोटो भेजने की बात कहते हैं, जिसके बाद ही सहायता राशि मिलने की बात कही जाती है।

रामपाल ने कहा कि वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है और आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि वह अपने स्तर पर मकान निर्माण शुरू कर सके। ऐसे में उसके लिए मकान की नींव भरना भी मुश्किल है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन, नगर पालिका, सामाजिक संगठनों तथा धार्मिक संस्थाओं से आर्थिक सहायता प्रदान कर मकान निर्माण में सहयोग की गुहार लगाई है, ताकि वे सुरक्षित छत के नीचे अपना जीवन व्यतीत कर सकें। Sirsa News

About The Author

Related Posts