शिक्षा और रोजगार
कैराना में बाज नही आ रहे कॉलोनाइजर, अनाधिकृत कॉलोनी पर चला एमडीए का बुलडोजर
अनाधिकृत कॉलोनी पर चला बुलडोजर
कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: कैराना में 2000 वर्ग मीटर भूमि पर विकसित की गई अनाधिकृत कॉलोनी को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण(एमडीए) की टीम ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। एमडीए की कार्यवाही से कॉलोनाइजर में हड़कंप है। हालांकि एमडीए इस कॉलोनी के खिलाफ पहले भी दो बार ध्वस्तीकरण की कार्यवाही कर चुका है।
सोमवार को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की टीम मंडलायुक्त सहारनपुर की प्रेरणा से एवं एमडीए उपाध्यक्ष प्रणता ऐश्वर्या के आदेशों के अनुपालन में कैराना पहुंची। जहां पर टीम ने कस्बे के शामली बाईपास पर अंडरपास के निकट लोकेश गोयल नामक कॉलोनाइजर के द्वारा 2000 वर्ग मीटर भूमि में प्राधिकरण से तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए बिना किये गए अवैध प्लॉटिंग के निर्माण को ध्वस्त किया गया। अवैध प्लॉटिंग के विरूद्ध प्राधिकरण द्वारा कॉलोनाइजर को पूर्व में नोटिस जारी किये गये थे।
चालानी कार्यवाही के उपरांत ध्वस्तीकरण के आदेश निर्गत किये गये, परन्तु भू-स्वामी के द्वारा भूमि से अवैध प्लॉटिंग को नहीं हटाया गया, जिसके चलते एमडीए के द्वारा अवैध रूप से किये गए निर्माण के विरूद्ध ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई। इस दौरान नायब तहसीलदार सतीश यादव, एमडीए के अवर अभियंता जगदेव सिंह, लेखपाल अंकित गुलिया व विजित पंवार आदि मौजूद रहे। बताया जा रहा कि इस कॉलोनी को एमडीए के द्वारा पूर्व में भी दो बार ध्वस्त किया जा चुका है।
नगर में बसाई गई है कई अवैध कॉलोनियां, कार्यवाही की दरकार
कैराना में बसाई गई अवैध कॉलोनियों का जाल काफी संकरा है, जिसमें फंसकर भोले-भाले लोग अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई बर्बाद कर रहे है। ये कॉलोनियों प्राधिकरण के नियमों की अनदेखी करके बसाई जाती है। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण समय-समय पर ऐसी कॉलोनियों के खिलाफ कार्यवाही करता रहता है, परन्तु इसके बावजूद कस्बे में ऐसी अनेकों कॉलोनियों है, जिन्हें कॉलोनाइजर के द्वारा समस्त कायदे-कानूनों को धता बताकर विकसित किया जा रहा है।
सोमवार को कस्बे के शामली बाईपास पर बसाई गई कॉलोनी के खिलाफ एमडीए ने ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की है। कॉलोनाइजर्स के द्वारा कस्बे के मुख्य पानीपत-शामली मार्ग, ईदगाह रोड, तीतरवाड़ा रोड, बाईपास मार्ग, रामड़ा रोड आदि स्थानों पर बड़े पैमाने पर जमीन खरीदकर प्लाटिंग किये जाने का कार्य किया जा रहा है। एमडीए द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच करने पर ये कॉलोनियां भी कार्यवाही की जद में आ सकती है।
14.jpg)