छह माह का सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर गांव लौटे अग्निवीर अर्पित सैनी, गांव में हुआ सम्मान समारोह
छह माह का सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर गांव लौटे अग्निवीर अर्पित सैनी, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
मुजफ्फरनगर (सच कहूँ न्यूज़)। Muzaffarnagar News: थाना भोपा क्षेत्र के गांव विलायत नगर निवासी अग्निवीर जवान अर्पित सैनी छह माह का कठोर सैन्य प्रशिक्षण पूरा करने के बाद रविवार को अपने घर लौटे। वह बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस से मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां परिजनों, मित्रों और ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर उनका भव्य स्वागत किया।
रेलवे स्टेशन से स्वागत जुलूस के साथ अर्पित सैनी को गांव विलायत नगर लाया गया, जहां उनके सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मीरापुर विधानसभा की विधायक मिथलेश पाल की पुत्री सुप्रिया पाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं। उन्होंने अग्निवीर अर्पित सैनी को पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य और देशसेवा में निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान गांव के सभी ग्रामीणों ने भी अर्पित सैनी का माल्यार्पण कर उनका जोरदार स्वागत किया तथा उन्हें आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में गांव के डीलर पवन सैनी, ओमकार सैनी, बाला सैनी, बालेश सैनी, सागर सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
सम्मान समारोह के दौरान पूरा माहौल देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। ग्रामीणों ने कहा कि अग्निवीर अर्पित सैनी गांव और क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका यह सफर अन्य युवाओं को भी भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा के लिए प्रेरित करेगा।
