भोपा में तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का रंगारंग शुभारंभ, 16 टीमें ले रहीं हिस्सा
जनता इंटर कॉलेज के खेल मैदान में तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का रंगारंग आगाज
भोपा (सच कहूँ/मुजफ्फरनगर)। Bhopa News: क्षेत्र के जनता इंटर कॉलेज के खेल मैदान में रविवार को तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का रंगारंग शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि ऋषिराज वालिया ने फीता काटकर तथा फुटबॉल को किक मारकर किया। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ऋषिराज वालिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का सबसे प्रभावी साधन हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपने जिले व क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।
आयोजकों ने बताया कि यह फुटबॉल टूर्नामेंट तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें विभिन्न जिलों की कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में देहरादून, गाजियाबाद, मेरठ सहित मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों की टीमें अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे, जिससे दर्शकों को रोमांचक और कांटे की टक्कर वाले मैच देखने को मिलेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को आकर्षक ट्रॉफी, नकद पुरस्कार तथा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में फुटबॉल खेल को बढ़ावा देना तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है।
उद्घाटन समारोह में सारांश वालिया (शारु), सुनील सैनी, जतिन, रूपक राठी, मनोज सैनी, अंकुर, विपुल, गुलशेर, रोबिन, अंचित, कपिल, राजा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद सभी टीमों का परिचय कराया गया और खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा और दर्शकों ने खिलाड़ियों का तालियों से उत्साहवर्धन किया।
