नहरी विभाग की जमीन पर लगे वर्षों पुराने पेड़ों में लगी आग

अबूबशहर में 10 एकड़ क्षेत्र में फैली आग, घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

Published On

गोरीवाला (सच कहूँ/अनिल)। Goriwala News: राष्ट्रीय राजमार्ग-54 स्थित गांव अबूबशहर में बुधवार सुबह नहरी विभाग की खाली जमीन पर लगे वर्षों पुराने पेड़ों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर ग्रामीण, नहरी विभाग, वन विभाग और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई हरे-भरे पेड़ आग की भेंट चढ़ गए। जानकारी के अनुसार गांव की पश्चिमी दिशा में नहरी विभाग की कॉलोनी के पास करीब 10 एकड़ क्षेत्र में वर्षों पुराने पेड़-पौधे लगे हुए हैं। बुधवार सुबह करीब 8 बजे अचानक इस क्षेत्र में आग भड़क उठी। नहर के दूसरी ओर रहने वाले लोगों ने धुएं और आग की तेज लपटों को देखा तो तुरंत मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी। 

ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग लगातार फैलती रही। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। ब्लॉक ऑफिसर हरी सिंह ने बताया कि क्षेत्र में सफेदे के पेड़ों की संख्या अधिक है और उनके सूखे पत्ते बड़ी मात्रा में जमीन पर पड़े हुए थे। ऐसे में आग तेजी से फैल गई। उन्होंने आशंका जताई कि सड़क से गुजर रहे किसी राहगीर द्वारा फेंकी गई बीड़ी या सिगरेट के कारण आग लगी हो सकती है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Goriwala News
Goriwala News: अबूबशहर में नहरी विभाग की जमीन पर लगी आग का दृश्य।

About The Author

Related Posts