Amritsar Bulldozer Action: नई विकसित हो रही 2 अनाधिकृत कॉलोनियों पर चला पीला पंजा
सरकारी नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, दो अनधिकृत कॉलोनियां ध्वस्त
अमृतसर (सच कहूँ/राजन मान)। Amritsar Bulldozer Action: अमृतसर विकास अथॉरिटी, पुड्डा के रेगुलेटरी विंग ने गाँव चाटीविंद में लिंक रोड पर किंग एवेन्यू और एक अन्य अनाधिकृत कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दोनों कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। रेगुलेटरी विंग ने जानकारी देते हुए बताया कि भविष्य के विकास को नियंत्रित करने के लिए सरकार की हिदायतों के अनुसार गांव चाटीविंद में विकसित की जा रही नई अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ मंगलवार को को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि इन अनधिकृत कॉलोनियों के मालिकों ने सरकारी नियमों की अवहेलना की और नोटिस जारी होने के बावजूद संबंधित कॉलोनियों के निर्माण कार्य जारी रखे। इसके चलते उच्च अधिकारियों के आदेश के तहत उक्त कार्रवाई अमल में लाई गई। रेगुलेटरी विंग ने कहा कि गांव चाटीविंद में बन रही अनधिकृत कॉलोनी को विभाग ने कई बार नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के बावजूद कॉलोनिकर ने निर्माण जारी रखा।
इसके चलते उच्च अधिकारियों ने इस अनधिकृत कॉलोनी को ध्वस्त करने के आदेश जारी किए। इन आदेशों को लागू करने और लॉ एंड आॅर्डर की स्थिति को बनाए रखने हेतु आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराने के लिए सीनियर पुलिस कप्तान को आदेश की प्रति भेजी गई थी। लेकिन डिप्टी कमिश्नर और थाना चाटीविंद के अधिकारियों ने आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध नहीं कराने के कारण कार्रवाई पहले नहीं हो सकी। इसी वजह से मंगलवार को फिर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। रेगुलेटरी विंग ने आमजन से अपील की कि वे गैर-कानूनी कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से पहले पुड्डा द्वारा जारी स्वीकृति की पुष्टि करें। साथ ही, अमृतसर विकास प्राधिकरण की वेबसाइट पर उपलब्ध अनधिकृत कॉलोनियों की जानकारी अवश्य देखें, ताकि उनके धन-संपत्ति को नुकसान न पहुंचे और परेशानी से बचा जा सके।
